शाजापुर, शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यो की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के लिए जिले के सभी ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में 5 फरवरी से 25 फरवरी तक निकाली जा रही विकास यात्राओं में सभी विभाग के अधिकारी सक्रिय रूप से सहभागिता करें। विकास यात्राओं में विभागीय अधिकारी उपस्थित रहकर विभागीय कार्यो की जानकारी दे तथा योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए नवीन आवेदकों से आवेदन भी प्राप्त करें।

उक्त निर्देश गत दिवस कलेक्टर दिनेश जैन ने अधिकारियों के साथ संपन्न हुई समन्वय बैठक में दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओं श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय, अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर नरेन्द्रनाथ पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर अजीतकुमार श्रीवास्तव तथा वर्चुअल रूप से अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर सत्येन्द्र प्रसाद सिंह सहित अन्य विभागों के जिलाधिकारीगण मौजूद थे। कलेक्टर श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास यात्राओं में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निराकरण करें। विकास यात्रा के दौरान जितने भी लोकार्पण एवं शिलान्यास हो रहे है उनकी जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध कराए। सभी विभाग विकास यात्रा जिन ग्रामों से निकल रही है वहां यदि विभागीय विकास कार्य हुए हैं तो उसका भी निरीक्षण करवाएं। विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का वितरण भी ग्रामों में करें। प्रत्येक विकास यात्रा के दौरान विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। विकास यात्रा के दौरान जाति प्रमाण पत्र बनाने की कार्यवाही की जाना है इसके लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों में दर्ज 6 वर्ष की उम्र के बच्चों तथा विद्यालयों में दर्ज होने वाले बच्चों की सूची तैयार करें और बच्चों के पालकों से मिलकर जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करवाएं। बैठक में कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिये कि वे 5-5 खेल मैदानों के लिए जमीन ारक्षित कर एक सप्ताह में प्रस्ताव भेजें। प्रधानमंत्री सड़क योजना के कार्यों में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधूरे निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कराएं। प्रायः देखने में आ रहा है कि पुल निर्माण के कार्य तय अवधि से अधिक समय बितने पर भी पूरे नहीं हुए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्राम सुंदरसी का चयन किया जा रहा है।