CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर। सर्द हवाओं का सितम लगातार बढ़ता ही जा रहा है और अब सुबह की शुरूआत भी घने कोहरे की धुंध के साथ हो रही है। सर्द हवाओं की सरसराहट की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट का सिलसिला बना हुआ है, जिसकी वजह से अब रात के साथ ही दिन के समय भी लोगों को तेज ठंड का ऐहसास हो रहा है और उन्हे राहत पाने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं मौसम विशेषज्ञ की मानें तो आगामी दिनों में मौसम बेहद सर्द साबित होने वाला है। उल्लेखनीय है कि समूचे अंचल को शीत लहर ने अपनी आगोश में लेकर ठिठुराना शुरू कर दिया है। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया उत्तरी सर्द हवाओं की वजह से बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री पर जा पहुंचा।

छाई रही कोहरे की धुंध
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से दिन मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है जिसके चलते तापमान में भी कभी गिरावट तो कभी बढ़ोत्तरी बनी हुई थी, लेकिन बुधवार को मौसम ने करवट बदली और सुबह की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई और कोहरा दिनभर शहर को अपनी आगोश में समेटे रहा। वहीं मौसम विभाग की मानें तो इसी सप्ताह में रात का तापमान लुढक़र 8 डिग्री से भी नीचे जाने की संभावना है और और शीतलहर का सितम बरकरार बना रहेगा। याने शहर के लोगों को रात के साथ दिन में भी बेचैनी का सामना करना पड़ेगा।