कटनी में भारत बंद का दिखा मिला-जुला असर
सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण फैसले के खिलाफ दलित-आदिवासी संगठनों की रैली और विरोध प्रदर्शन
कटनी, आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्धारा हाल ही में दिए गए निर्णय के खिलाफ दलित और आदिवासी संगठनों द्धारा बुलाए गए भारत बंद का कटनी में ज्यादा असर तो नहीं रहा। बाजार में बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। दलित और आदिवासी संगठनों के द्धारा शहर में रैली निकाल कर व्यापारियों से बंद की अपील की गई और इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर निर्णय को वापस लेने की मांग की गई।
रैली में शामिल दलित और आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता हाथों में झंडे बैनर लेकर निर्णय के विरूद्ध नारेबाजी कर रहे थे।गौरतलब है कि दलित और आदिवासी संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। और इनकी मांग है कि एससी-एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर नया कानून पारित किया जाए और सुप्रीम कोर्ट हाल ही के अपने कोटे में कोटा वाले फैसले को वापस ले या पुनर्विचार करे। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति का कहना है कि यह फैसला अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के संवैधानिक अधिकारों का हनन करता है। भारत बंद का कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल और वामपंथी दलों समेत अधिकांश विपक्षी दलों ने समर्थन किया है।