इंदौर, इंदौर पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग और ब्राउन शुगर के साथ कई तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की टीमों ने मिलकर अंजाम दिया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि क्राइम ब्रांच ने राजकुमार सब्जी मंडी इलाके से 105 ग्राम एमडी ड्रग के साथ दो तस्करों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन कुमावत निवासी रामकमल रेसीडेंसी और राजू जाट निवासी नवादापंथ धार रोड शामिल हैं। ये दोनों आरोपी इंदौर में एमडी ड्रग बेचने के लिए लाए थे। उनसे पूछताछ जारी है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

ब्राउन शुगर बेचने का ठेका दिया
इस कार्रवाई के साथ ही खजराना, द्वारकापुरी और पढ़रीनाथ पुलिस ने भी ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। खजराना पुलिस ने शाहनवाज उर्फ शब्बू को तंजीम नगर से करीब 12.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा। द्वारकापुरी पुलिस ने सचिन उर्फ बाचू बकावले को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 5.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं, पढ़रीनाथ पुलिस ने लक्की नामक आरोपी को पकड़ा, जो गौतमपुरा शासकीय स्कूल के सामने खाली मैदान में ब्राउन शुगर बेचते हुए पाया गया। लक्की ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे इलाके का एक व्यक्ति 700 रुपए प्रतिदिन पर ब्राउन शुगर बेचने के लिए देता था। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है।


पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
ड्रग तस्करी के इन मामलों ने शहर में नशे के बढ़ते खतरे को उजागर किया है। पुलिस ने कहा कि उनका अभियान तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करने तक जारी रहेगा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से जानकारी हासिल कर अन्य तस्करों और उनके सहयोगियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। यह सामूहिक प्रयास न केवल तस्करों के हौसले पस्त करेगा, बल्कि इंदौर को नशा मुक्त और सुरक्षित शहर बनाने में भी मदद करेगा।