सतना में चार जगह गिरी आकाशीय बिजली, चपेट में आने से पांच लोगों की मौत
मझगवां में बेटी से मिलने आई मां तो अंतिम संस्कार से लौटे एक परिवार के दो सदस्य की गई जान
CURATED BY – UMESH KUSHWAHA | CITYCHIEFNEWS
सतना. जिले में चार अलग-अलग जगहों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की जान चली गई। बताया गया कि शनिवार की दोपहर 3 बजे प्री-मानसून की दस्तक के साथ रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ।
इसी बीच कई जगहों पर बिजली गिरी। पहली घटना गौहानी गांव की है। यहां वृद्ध महिला की मौत हो गई। दूसरी घटना में अंतिम संस्कार से लौटे एक परिवार के दो सदस्य ने दम तोड़ दिया। तीसरा व चौथा हादसा कोलगवां थाना क्षेत्र का है। सरिया टोला में बकरी चराते समय किशोर तो शहर के संग्राम कॉलोनी में पेंटर की मौत हो गई है। संबंधित थाना पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
मकान की पुताई करते समय श्रमिक की मौत
कोलगवां थाना अंतर्गत संग्राम कॉलोनी में पुताई करते समय अनमोल आदिवासी पिता बाबूलाल निवासी धवारी गली नंबर 1 की मौत हो गई। दावा किया जा रहा कि दोपहर के समय पास में कहीं आकाशीय बिजली गिरी थी। इससे अनमोल को झटका लग गया। वह नीचे गिरा और मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया है। मालिक से हादसे की कारणों की जानकारी ली जा रही है।
बकरी चराने गए किशोर की मौत
कोलगवां थाना के माधवगढ़ सरिया टोला का शैलेंद्र कोल दोपहर के समय बकरी चराने गया था। तभी बारिश शुरू हो गई। किशोर खुद को बचाने पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरी। इससे शैलेन्द्र की मौत हो गई। काफी समय बाद परिजन किशोर को खोजते हुए खेतों की ओर गए। तब वह मृत मिला। इसके बाद जिला अस्पताल लेकर आए। शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया है।
बिछियन ग्राम की रहने वाली कुसमा बाई पति सेखन सिंह शनिवार को बेटी से मिलने गौहानी आई थी। तभी घर के नजदीक मंदिर में आकाशीय बिजली गिर गई। इससे कुसमा बाई की मौके पर मौत हो गई। इसी तरह रामकली पति लखन सिंह गोड़ निवासी हिरौंदी, बुधिया पति दद्दू सिंह गोड़ निवासी गौहानी, सुनीला सिंह पति सोभलाल निवासी गौहानी, लीला सिंह पति कामता सिंह और राकेश सिंह घायल हैं।
सेहा नाला में दो की मौत
मझगवां थाना अंतर्गत तुर्रा सेहा नाला में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में प्रमोद पिता शंकर सिंह गोड़ और चंपा बाई पति दादूभाई सिंह गोड दोनों निवासी हिरौंदी शामिल हैं। बताया जा रहा कि दोपहर के समय बरहटा गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में बारिश होने लगी, तभी पेड़ के नीचे बिजली गिर गई। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। वहीं कुछ लोग जद में आ गए।