कोतवाली पुलिस ने मिशन चौक पर चलाया विशेष चेकिंग अभियान
संदिग्धों को लगाई फटकार
CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS
कटनी, शहर में ई-रिक्शा चालकों की धमाचौकड़ी और उनकी मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए यातायात एवं कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नाबालिक ई-रिक्शा चालकों एवं संदिग्ध व्यक्तियों को कड़ी फटकार लगाई गई। कोतवाली टीआई आशीष शर्मा ने कहा कि पहले पुलिस वेरिफिकेशन कराओ, इसके बाद ही सडक़ पर वाहन चलाना। यदि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के पाए गए तो सीधे जेल भेजने की कार्यवाही की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन द्वारा ई-रिक्शा चालकों पर अंकुश लगाने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राप्त निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में मंगलवार की शाम मिशन चौक पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र का भ्रमण करते हुए संदेहियों की तलाशी भी ली गई। मिशन चौक पर जांच करते हुए नाबालिक ई रिक्शा चालकों एवं ऑटो चालकों सहित अन्य तीन पहिया वाहन चालकों को कड़े शब्दों में पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए। उन्हें यह भी बताया गया कि यदि अगली बार बिना पुलिस वेरिफिकेशन के वाहन चलाते पाए गए तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने कहा कि कुछ एक आपराधिक मामलों में ऑटो चालकों की संलिप्तता पाई गई है। इस बात को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ऑटो चालकों की जांच करने के लिए इस तरह की कार्यवाही भविष्य में लगातार की जाती रहेगी।