Curated by – Navin Mehar | CITYCHIEFNEWS

धार, 28 जुलाई। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 27 जुलाई गुरुवार को जिला मुख्यालय धार पर पर्यटन क्वीज 2023 का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जलमहल टीम-टैलेंट पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल धार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि हिंडोला महल टीम- केंद्रीय विद्यालय धार ने  द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जहाज महल टीम, श्री सीके चंदेल हायर सेकंडरी स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अशर्फी महल टीम-आदर्श विद्या मंदिर ग्राम खाचरोदा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।पांचवा स्थान छप्पन महल टीम- शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकंडरी विद्यालय धार ने प्राप्त किया। जबकि छठां स्थान रानी रूपमती महल टीम-शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम खलघाट ने प्राप्त किया।

विजेता टीमों को राष्ट्रीय कवि संदीप शर्मा, इंटेक धार के संयोजक डा दीपेंद्र शर्मा ने सम्मानित किया। इसके तहत बच्चों को प्रमाण पत्र, मैडल व कूपन वितरित किए गए। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के मैनेजर संदीप वाघेला बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड भोपाल द्वारा प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी  जिला प्रशासन तथा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सहयोग से मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2023 का आयाेजन जेएमडी पैलेस, धार में व्यापक स्तर पर किया गया। जानकारी जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी प्रवीण शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय पर्यटन क्विज-2023 के तहत सुबह 8 से 10 के बीच पूर्व से पंजीकृत टीमों की लिखित परीक्षा का आयोजन किया। लिखित परीक्षा में छह टीमें मल्टीमीडिया क्विज के लिए चुनी गई। यह मल्टीमीडिया क्विज दोपहर 2:30 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक चली। इसका संचालन क्वीज मास्टर  प्रवीण शर्मा ने किया। स्काेरर  श्याम शर्मा थे। इसमें सभी छह टीम के तीन-तीन बच्चों ने 10 राउंड में मुकाबला किया। इसमें बेहतर अंक के आधार पर उक्त नतीजे घोषित किए है। यह आयोजन धार में करीब निजी व सरकारी स्कूल के 700 से अधिक बच्चों व शिक्षकों की मौजूदगी में हुआ। अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कुछ रोमांचक प्रश्न दर्शकों से भी पूछे गए और उनको पुरस्कृत किया गया। विजेताओं को मप्र राज्‍य के पर्यटन स्‍थल पर भ्रमण के लिए टूर पैकेज गिफ्ट वाऊचर प्रदान किए गए है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की सहयोगी संस्था वसुधा विकास संस्थान धार की वॉलिंटियर्स ने  इस आयोजन में अपना विशेष सहयोग प्रदान किया। संस्था जिले में महिला पर्यटकों की सुुरक्षा के लिए विविध कार्यक्रम चला रही है।