लखीसराय, लखीसराय जिले में आरजेडी की ओर से पहलगाम हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का मामला सामने आया। रविवार को नारेबाजी का वीडियो वायरल हो गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आरजेडी जिलाध्यक्ष कालीचरण दास और नेता प्रेम सागर ने किया था।

जिलाध्यक्ष कालीचरण दास ने कहा कि गलती से नारे लग गए। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों को श्रद्धांजलि देना था। पुलिस ने सीपीआई नेता कैलाश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एसपी अजय कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच हो रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। बीजेपी ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर कर कहा कि राजद का असली चेहरा फिर बेनकाब हो गया। जिले में स्थिति सामान्य है। हालांकि, राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, प्रशासन अलर्ट मोड में है।

महागठबंधन ने शनिवार देर शाम सूर्यगढ़ा प्रखंड में कैंडल मार्च निकाला था। इसी दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। जानकारी मिलने पर एसपी अजय कुमार ने कार्रवाई की। वीडियो की जांच के बाद नगर थाने में राजद जिलाध्यक्ष कालीचरण दास और सीपीआई नेता कैलाश प्रसाद से पूछताछ हुई।

कैलाश प्रसाद ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाया था। उन्हें नहीं पता वीडियो कैसे वायरल हो रहा है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि जांच में पाया गया कि कैलाश प्रसाद ने एक बार पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया। अब वीडियो वायरल हो रहा है। कैलाश प्रसाद के खिलाफ सूर्यगढ़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई हो रही है। 

राजद जिलाध्यक्ष कालीचरण दास ने गलती से नारे लगने की बात मानी है। आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति भी नहीं ली गई थी। एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो में एक ही नारे को बार-बार दिखाया जा रहा है।