पूर्णिया, सुपौल और छपरा में लंकापति के भारी-भरकम पुतले जले
पप्पू यादव ने कहा- रावण को मार रहा रावण
विजयादशमी के अवसर पर पूर्णिया में दशहरे की धूमधाम और भव्यता चरम पर रही। मरंगा स्थित वार्ड-8 में इस साल 40 फीट के रावण, 35 फीट के कुंभकर्ण और 30 फीट के मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। रावण वध का यह कार्यक्रम सांसद पप्पू यादव की मौजूदगी में हुआ। उन्होंने पारंपरिक रूप से तीर चलाकर रावण का अंत किया। इस मौके पर पप्पू यादव ने कहा कि आज रावण, रावण को मार रहा है, असली चुनौती भीतर के रावण को खत्म करने की है।
पूर्णिया सांसद यादव ने इस मौके पर कोसी-सीमांचल की सौहार्दता को बिगाड़ने की कोशिशों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह के हिंदू जागरण अभियान पर हमला किया। पप्पू यादव ने कहा कि चुनाव के समय में कुछ लोगों की दुकान चलने लगती है, लेकिन मैं सीमांचल में अमन-चैन को बिगड़ने नहीं दूंगा। उन्होंने सीमांचल की शांति और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया और कहा कि अगर कोई सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसे मेरी लाश से गुजरना होगा।
भव्य रावण वध आयोजन
मरंगा दुर्गा पूजा समिति के सदस्य नागेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मरंगा में दशहरे के अवसर पर रावण वध की परंपरा 2021 से शुरू हुई थी। इस वर्ष 40 फीट के रावण के साथ अन्य पुतलों की ऊंचाई में भी वृद्धि की गई थी। पुतलों का निर्माण 27 सितंबर से शुरू हुआ था, जिसमें कसबा और स्थानीय कलाकारों ने मिलकर बांस और कपड़े से पुतले तैयार किए। रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
सुपौल में विजयादशमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। शहर के गांधी मैदान में 55 फीट के रावण और 45 फीट के मेघनाद का पुतला बनाया गया था। रावण वध से पहले भगवान राम का विजय जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचा। इस बार खास आकर्षण जुलूस में शामिल घुड़सवारों और ढोल-नगाड़ों के साथ महिलाओं की टोली रही।
जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसपी शैशव यादव ने भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान का विजय तिलक किया। आयोजन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे, जिसमें पुलिस बल की तैनाती और वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। पूजा समिति के अध्यक्ष राघवेंद्र झा ने बताया कि इस कार्यक्रम में करीब पांच लाख रुपये का खर्च आया।
छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में विजयादशमी के मौके पर अहंकार रूपी रावण का दहन किया गया। कार्यक्रम में 55 फीट के कुंभकरण और 60 फीट के रावण के पुतलों को दहन किया गया। सारण के जिलाधिकारी अमन समीर और एसपी डॉ. कुमार आशीष की निगरानी में यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इस बार लेजर लाइट शो था, जिसमें राम और रावण की भव्य आतिशबाजी देखने को मिली। रावण दहन समिति के अध्यक्ष और विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज ने बताया कि इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और पूरे कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई थी। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इस अवसर पर कहा कि हमें अपने भीतर के अहंकार रूपी रावण को मारने की जरूरत है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड