पटना, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर वायु का चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में भारी वर्षा के आसार बने हुए हैं।

राजधानी में दूसरे दिन भी मानसून मेहरबान बना रहा। राजधानी में शनिवार को 18.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बीते दो दिनों से हो रही वर्षा के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार रविवार को पटना सहित 26 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की संभावना है। जबकि, चार जिलों के भोजपुर, पूर्णिया, अररिया एवं मधेपुरा में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
अधिसंख्य भागों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। 24 घंटों के बाद तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। बीते 24 घंटे में पटना सहित अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।