'पहले पार्टी अब घर तोड़ रहे चाचा'
चिराग पासवान से लिपटकर रोने लगीं बड़ी मां
खगड़िया, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान अपनी बड़ी मां (दिवंगत रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी) से मिलने शहरबन्नी गांव पहुंचे. चिराग को देखते ही बड़ी मां भावुक हो गईं और उन्होंने बेटे को गले से लगा लिया. ऐसे समय उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने पिछले दिनों हुए पूरी घटना की जानकारी दी. मां और बेटे में काफी देर तक बातचीत हुआ. राजकुमारी देवी के बेडरुम और बाथरुम में ताला मारने और समान फेंकने का मामला तूल पकड़ चुका है.
वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में राजकुमारी देवी को चिराग पासवान से लिपटकर रोते हुए देखा जा सकता है. चिराग पासवान भी उन्हें ढांढस बंधाते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान वहां मौजूद अन्य पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी भावुक हो गए. दरअसल रामविलास पासवान के निधन के बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई थी, जिसमें एक गुट का नेतृत्व चिराग पासवान कर रहे हैं और दूसरे गुट का नेतृत्व उनके चाचा पशुपति कुमार पारस के हाथ में है.
चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी बड़ी मां का दुख, उनका दुख है. वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने कहा कि घर के वो बड़े हैं; समय-समय पर वो फैसला लिए. परिवार से निकालने का फैसला उनका था, मेरी ही पार्टी से मुझे बाहर निकालने का फैसला उनका था, मेरे पिता जी के बनाए पार्टी का नामोनिशान मिटा देने का फैसला उनका था. परिवार में यदि बंटवारा वो चाहते हैं तो यह फैसला भी उनका ही होगा. यदि वो इस फैसले की राह पर चल चुके हैं तो जानकारी दे सकते हैं जो वो चाहेंगे वैसा ही होगा.
उन्होंने इशारों ही इशारों में अपने चाचा पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवार और पार्टी को तोड़ने वाले कभी सफल नहीं होंगे. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना का आगामी बिहार विधानसभा चुनावों पर भी असर पड़ सकता है. राजकुमारी देवी का भावनात्मक जुड़ाव रामविलास पासवान के समर्थकों के बीच गहरा है और उनकी पीड़ा पार्टी के प्रति सहानुभूति की लहर पैदा कर सकती है.
खगड़िया के अलौली प्रखंड के शहरबन्नी गांव में रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी वर्षो से रह रही है. राजकुमारी देवी का आरोप है कि पशुपति कुमार पारस और रामचंद्र पासवान की पत्नी शोभा देवी और सुनैना देवी ने बेडरुम और बाथरुम में ताला लगा दिया जिसको लेकर उनकी तबीयत काफी खराब हो गई. यह मामला पुलिस थाना तक पहुंचा है. इस मामले में राजकुमारी देवी के लिखित आवेदन पर अलौली थाना में शोभा और सुनैना के साथ-साथ एक बॉडीगार्ड और दो ड्राइवर पर प्राथमिकी दर्ज की गई.