CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, गृह जिले से हजारों किलो मीटर दूर नौकरी करने से परेशान बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने मप्र शासन के मंत्री को ज्ञापन सौंपा। रविवार को शाजापुर पहुंचे उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इंदरसिंह परमार को बिजली कंपनी कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि मध्यप्रदेश के तीनों विद्युत वितरण कंपनियों में लगभग 1500 कर्मचारी तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदस्थ हैं, जो कि अपने गृह जिले से लगभग 800 से 1000 किमी दूर सेवाएं दे रहे हैं। ज्ञापन में कर्मचारी मनीष शास्त्री ने बताया कि 5 सालों से वह शाजापुर में पदस्थ हैं और कोरोना से पहले पिता को खोने के बाद अब माता जी का स्वास्थ्य भी ज्यादा खराब रहता है, जिसके कारण वे इलाज कराने में असमर्थ हैं। यह एक समस्या नहीं सभी कर्मचारियों के साथ ऐसा है, जिससे कर्मचारी मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे हैं। उन्होने बताया कि जनवरी माह में मुख्य सचिव मप्र शासन कार्यालय द्वारा विभाग को इमेल अग्रेषित की गई थी जिसके द्वारा मप्र उर्जा विभाग के अंतर्गत विद्युत कंपनी के समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के नियमित एवं संविदा कर्मचारियों को उनके आवेदन पर गृह जिला कंपनी में वन टाइम चैनल बनाते हुए स्थानांतरण की नवीन पॉलिसी बनाकर स्थानांतरण किए जाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन विभाग द्वारा इस पर कोई पॉलिसी नहीं बनाई गई है। ज्ञापन में मांग की गई बिजली कंपनी कर्मचारियों के लिए नई नीति बनाकर उन्हे गृह क्षेत्र में पदस्थ किया जाए।