ईरान की बारिश का शहर में दिखा असर, लुढ़का पारा
गर्मी की तपन से मिली राहत, नगर में भी हुई बूंदाबांदी
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, धूप की तेजी से झुलस रहे शहरवासियों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा और इस दिन शहर में इरान ओैर पाकिस्तान में हुई बारिश का कुछ असर नगर में भी देखने को मिला जहां हल्की बूंदाबांदी व ठंडी हवाओं के कारण 40 डिग्री तापमान कुछ कम हुआ। वहीं शुक्रवार देर शाम को भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इसके पूर्व पिछले तीन दिनों से तापमान 40 डिग्री तक आकर टिका हुआ था। तो ठंडी हवाएं भी गायब हो चुकी थी। जिसके कारण लोगों को सुबह से शाम तक गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा था। मौसम विभाग द्वारा भी तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना जताई गई थी। लेकिन इरान और पाकिस्तान में हुई भारी बारिश का असर शहर के मौसम में भी देखने को मिला और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव हुआ और अलसुबह आधे शहर में तेज बारिश तो आधे शहर में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद आसमान पर बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना बना रहा जिसने लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि मौसम में बदलाव का दौर अब कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। वही शुक्रवार रात को फिर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ धनोतिया के अनुसार आगामी 25 या 26 अप्रैल को भी शहर में हल्की बारिश की संभावना है।
40 से कम हुआ तापमान, छाए रहे बादल
शहर में भले ही बारिश ज्यादा न हुई हो लेकिन मौसम बदलने से तापमान में जरूर गिरावट हुई। पिछले तीन दिनों से तापमान 40 डिग्री पर आकर टिका हुआ था, जो शुक्रवार को 39.6 और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया।