CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, 3 जुलाई. लगातार हो रही पेड़ों की हत्या और प्रकृति का असंतुलन होने के कारण अब पेड़ों की महत्वता लोग समझने लगे हैं. जिस प्रकार जल जीवन है, तो पेड़ जीने के लिए संजीवनी है. शाजापुर की धरा को हरा-भरा करने के लिए सर्व हिंदू समाज ने एक बैठक आयोजित की, जिसमें 59 समाज के लोगों ने हर समाज से एक पेड़ लगाने का संकल्प लिया. 6 जुलाई को एक वृहद अभियान के तहत हरा-भरा शाजापुर के लिए पौधारोपण किया जाएगा.
गौरतलब है कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अब शाजापुर में भी हिंदू समाज के लोग आगे आ रहे हैं. इसको लेकर श्रीकृष्ण व्यायामशाला में बैठक आयोजित की गई, जिसमें शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि 6 जुलाई को हर समाज अपने समाज के नाम पर एक पौधा रोपित करे. यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा. प्रकृति के संतुलन और हरा-भरा शाजापुर के लिए हर नागरिक की सक्रियता और जागरुकता जरूरी है. हर व्यक्ति अपने घर के बाहर या अपनी जमीन पर एक पेड़ जरूर लगाए. पेड़ की महत्वता दो बार जीवन बचाने में समझ में आई. एक कोविड के समय ऑक्सीजन की महत्वता समझ में आई थी और इस बार भीषण गर्मी ने लोगों को पेड़ की याद दिला दी. शहर की बढ़ती आबादी को देखकर अब एक शमशान कम पडऩे लगा है. इसको देखते हुए शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने दो शमशान के लिए सुझाव और विचार रखे.

6 जुलाई को अपने-अपने समाज के नाम से रोपेंगे एक पौधा
सर्व हिंदू समाज के अध्यक्ष आशीष नागर ने बताया कि हिंदू समाज के 59 समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया. 6 जुलाई को सभी समाज के लोग अपने-अपने समाज के नाम से एक पौधा रोपेंगे. इस महा अभियान को संकल्प के रूप में लेकर शाजापुर को हरा-भरा करना है. बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, गोविंद नायक, महेश भावसार, धर्म जागरण संयोजक अनूप किरकिरे, अनिल मालवीय, संपर्क प्रमुख विष्णु गवली, पूर्व नपाध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, तुलसीराम भावसार, गोपाल राजपूत, दिलीप भंवर, सत्या वात्रे, धर्मेंद्र प्रजापति, कैलाश मटोलिया, सीताराम पवैया, मनीष सोनी, गोविंद सोनी सहित सैकड़ों हिंदू समाज के पदाधिकारी, संरक्षक और सदस्य मौजूद थे.