ऊधम सिंह नगर, किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में बुधवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। किच्छा चीनी मिल परिसर में लगभग दो एकड़ भूमि पर बनने वाले अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल का भूमि पूजन विधायक तिलक राज बेहड़ द्वारा विधि-विधान के साथ किया गया। शासन द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के लिए ₹5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जबकि संपूर्ण परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹10 करोड़ होगी।


भूमि पूजन के उपरांत विधायक बेहड़ ने कहा कि किच्छा क्षेत्र के लोगों के लिए एक भव्य एवं आधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण उनका वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए लगभग दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है, जो पूर्व में चीनी मिल की भूमि थी। मुख्यमंत्री के सहयोग एवं शासन के सकारात्मक प्रयासों से यह भूमि उपलब्ध हो सकी, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा गन्ना मंत्री सौरव बहुगुणा का हृदय से आभार व्यक्त किया।


उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में ₹5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है और भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराकर इस परियोजना को और विकसित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कम्युनिटी हॉल आने वाले समय में किच्छा की पहचान बनेगा।

विधायक बेहड़ ने कहा कि यह कम्युनिटी हॉल केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां विवाह समारोह, पारिवारिक कार्यक्रम, सामाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक आयोजन, धार्मिक कार्यक्रम, राजनीतिक सभाएं तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। गरीब परिवारों से लेकर आम नागरिकों एवं सभी वर्गों के लोगों को इसकी सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि भविष्य में इस परिसर में लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है, ताकि यह एक बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र के रूप में स्थापित हो सके। आवश्यकता पड़ने पर परियोजना का विस्तार भी किया जाएगा।

विधायक बेहड़ ने कहा कि बड़े विकास कार्यों के दौरान कुछ लोग प्रश्न अवश्य उठाते हैं, लेकिन जब योजनाएं पूरी होकर जनता को लाभ पहुंचाती हैं, तब उनकी उपयोगिता स्वयं सिद्ध हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रुद्रपुर में विकसित कई परियोजनाओं का आज हजारों लोग लाभ उठा रहे हैं, उसी प्रकार यह कम्युनिटी हॉल भी किच्छा क्षेत्र की अमूल्य धरोहर बनेगा। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है तथा माननीय मुख्यमंत्री के समयानुसार उनके कर-कमलों द्वारा इस परियोजना का शिलान्यास भी कराया जाएगा।

बेहड़ ने कहा कि कम्युनिटी हॉल के साथ-साथ क्षेत्र में फायर स्टेशन, स्टेडियम, सड़क चौड़ीकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में किच्छा को विकास की अनेक नई सौगातें मिलेंगी।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुलशन सिंधी, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, प्रेम आर्या, राजेश प्रताप सिंह, रईस अहमद राजेश मिगलानी, कमल खुराना, शरद यादव, जीवन जोशी, संतोष  ठाकुर,विनोद पन्त, ओमप्रकाश दुआ,दलीप सिंह बिष्ट,लियाकत अली, गुरचरण सिंह,शरीफ अहमद सुनीता कश्यप,जस्सी देओल, कलावती, प्रेम भट्ट, निर्मल सिंह, हंसपाल देवेंद्र मंड, मेजर सिंह,सन्नी अग्रवाल,पुष्कर रोतेला,पप्पू रंधावा,बलवंत सिंह, धर्मेंद्र सिंधी,डिम्पल धंजू,दलजीत कक्कड़, सुखविंदर सिंह,सुभाष गुप्ता, हरभजन सिंह,सरवर हुसैन,अख़लाक़ अशोक चुघ,देवकीनंदन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।