CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, होंठों पर जय-जय श्री आदिनाथ के जयकारे और कंधों पर दादा आदिनाथ विराजित श्रंगारित पालकी लेकर जैन समाजजन जब मंगलवार सुबह नगर की सड़कों से निकले तो पालकी यात्रा मार्ग जिन शासन की भक्ति में सराबोर हो गया।
अवसर था, प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव का। जिसे अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर युवक महासंघ के आव्हान पर सम्पूर्ण देश सहित शाजापुर नगर के जैन समाजजनों द्वारा भी विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिलाध्यक्ष मंगल नाहर ने बताया कि मंगलवार को सर्वप्रथम चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी मंदिर में सुबह 6.30 बजे परमात्मा की पक्षाल पूजा तथा सुबह 8 बजे स्नात्र महोत्सव के साथ महोत्सव की धार्मिक शुरुआत की गई। इस दौरान चौबीस जिनालय धाम में पक्षाल पूजा की बोली प्रतीक मांडलिक परिवार ने लीद्य। वहीं वीरमणि तीर्थ धाम पर सुबह 7.30 बजे अंगुरबाला जितेन्द्र नारेलिया, सौरभ नारेलिया, कपिल चौरड़िया तथा पारूल नाहर द्वारा शक्रस्तव महाभिषेक किया। इसके बाद सुबह 9 बजे दादा आदिनाथ की भव्य पालकी यात्रा चौबीस जिनालय धाम ओसवाल सेरी से प्रारंभ होकर कसेरा बाजार, सुगंधी गली, बजाज खाना, आजाद चौक, नई सड़क तथा पीपली गली होती हुई पुनः जैन मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। जहां आरती की बोली का लाभ संजय जैन (मैनेजर) परिवार ने लिया। पालकी यात्रा के दौरान समाज के युवाओं द्वारा भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित पालकी में विराजित कर भ्रमण करवाया गया। इसके उपरांत जैन उपाश्रय में सुबह 10 से 11 बजे तक महिला मंडल द्वारा सामुहिक सामायिक की धार्मिक आराधना सम्पन्न की गई। वहीं युवक महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा नागनागिनी मार्ग स्थित श्री अखंड आश्रम पर निराश्रितों को भोजन सेवा दी गई। शाम 5 बजे लालघाटी तीर्थ धाम पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर अतिथि उपस्थित जिला वन मंडलाधिकारी मयंक चांदीवाल, सकल जैन समाज अध्यक्ष सपन जैन, तीर्थ धाम ट्रस्ट मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र नारेलिया, उपाध्यक्ष सुनील नाहर, पोरवाल समाज अध्यक्ष पीयूष जैन तथा पूर्व अध्यक्ष विनोद जैन द्वारा तीर्थ धाम मुख्य द्वार पर पर्यावरण संवर्धन हेतु पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही शाम 7 से 8 बजे तक नयनाभिराम अंगरचना और आकर्षक दीप सज्जा से सुसज्जित वीरमणि तीर्थ धाम पर विराजित परमात्मा प्रतिमाओं के समक्ष रंगारंग प्रभु भक्ति के साथ मूलनायक दादा आदिनाथ की महाआरती के साथ पूरे दिन संचालित महोत्सव का उत्साह पूर्ण समापन हुआ। समस्त कार्यक्रम जैन युवक महासंघ के तत्वावधान में शाजापुर जैन समाज द्वारा आयोजित किए गए। जिनमें समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आयोजनों के अंत में आभार युवक महासंघ प्रदेश उपाध्यक्ष सपन जैन, जिला कोषाध्यक्ष एवं आयोजन प्रभारी प्रांजल मांडलिक तथा नगर अध्यक्ष व आयोजन सहप्रभारी मयंक जैन ने व्यक्त किया।