CURATED BY – UMESH KUSHWAHA | CITYCHIEFNEWS

सतना, केंद्र सरकार के बेतरतीब सीवरेज प्रोजेक्ट ने सतना शहर की सड़कों को कब्रगाह में तब्दील कर दिया है। जहां देखो वहीं की सड़कें इस कदर धंस गई है कि लोगों का पैदल चलना भी खतरनाक साबित हो रहा है। शहर सरकार और निगम प्रशासन के नाकारापन की वजह से जनता जनार्दन बुरी तरह आहत जरुर है लेकिन विरोध करने का साहस नहीं दिखा रही है। शहर में मौजूद आवागमन की तमाम सड़कें वेंटिलेटर पर चल रही हैं और जुबानी विकास दम तोड़ने के लिए बेताब नजर आ रहा है। हर कालोनी में रहने वाले दो चार लोग इन दिनों चोटिल होकर अस्पताल की सेवाएं लेने के लिए मजबूर हो गए हैं। समझ में यह नहीं आता है कि जिस शहर में घटिया विकास को लेकर कीर्तिमान स्थापित किया गया है, वहां के महापौर को विदेश की धरती में इसी विकास के लिए सम्मानित किया जाता है। निस्संदेह शहर की यह दर्दनाक तस्वीरें देखकर अब लोग गलती से भी अपने यहां होने वाले बच्चे का नाम विकास नहीं रखेंगे।