लाडली बहना सम्मेलन में 12 अप्रैल को शुजालपुर आयेंगे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को भव्य बनाने पर भाजपा की बैठक आयोजित
Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, 12अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शुजालपुर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन में शामिल होने आ रहे है। मुख्यमंत्री की अभूतपूर्व सौगात के बाद उनके आगमन को लेकर शुजालपुर में विशेष तैयारिया की जा रही है और तैयारियों की इस कड़ी में शनिवार को शुजालपुर के जटाशंकर महादेव मंदिर पर भाजपा की जिला बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को भव्य बनाने पर चर्चा की गई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाडली बहनों के लिए यह अभूतपूर्व सौगात दी गई है और उनका सम्मेलन हमारे जिले के सुजालपुर में होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इस सम्मेलन को हमें अभूतपूर्व बनाना है इसके लिए जिलेभर से हमारी लाडली बहने इस कार्यक्रम में शामिल हो इसके लिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल व गांव से बहनों को इस कार्यक्रम में लाने के लिए प्रयास करें ताकि मुख्यमंत्री जी का हम इस सौगात देने पर आभार प्रकट कर सके। बैठक में प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रखी है और उसी कड़ी में प्रदेश की महत्वपूर्ण योजना के रूप में लाडली बहना योजना शुरू की है ताकि प्रदेश की कोई भी बहन आर्थिक रूप से परेशान ना हो। आज देश में योजनाओं के क्रियान्वयन की बात होती है तो मध्यप्रदेश का नाम सबसे पहले आता है। बात चाहे किसान सम्मान निधि की हो या लाडली लक्ष्मी योजना की। प्रत्येक योजना को लागू करने के पहले ही दिन से सरकार का लक्ष्य रहा है की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचे और लाडली बहना योजना में भी यही हो रहा है पूरा तंत्र और संगठन पात्र बहनों का इस योजना में पंजीयन कराने में लगा है ताकि कोई भी बहना इस योजना का लाभ लेने से रह ना जाए। आज इस योजना के लागू करने के बाद हमारे गृह क्षेत्र में पधार रहे प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत करना हमारा कर्तव्य है इसके लिए जिले के सभी कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र से ऐसी व्यवस्था करें कि कोई भी लाडली बहन इस लाडली बहना सम्मेलन में आने से रह ना जाए। बैठक को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि लाडली बहना योजना देश की सबसे बड़ी योजना है और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बहनों के बारे में सोचते हुए इस योजना को लागू किया है। आम लोगों के हित में योजनाएं बनाकर उन को लागू करने का काम सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही कर सकती है। प्रदेश में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने का काम भाजपा सरकार कर रही है। आम लोगो के हित में अभूतपूर्व काम करने वाले प्रदेश के मुखिया का जोरदार स्वागत होना चाहिए इसके लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत तैयारी करेंगे ऐसा मुझे विश्वास है। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जोशी ने कहा की वर्तमान में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ सशक्तिकरण अभियान में लगा हुआ है। यह शक्ति सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता में ही है जो संगठन के कार्यक्रमों के साथ सरकार के कार्यक्रमों में भी अपनी प्रतिभा दिखाते है। बैठक में प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिसोदिया, जिला महामंत्री दिनेश शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार भी मंचासीन थे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री विजय बैंस ने किया तथा आभार जिला महामंत्री संतोष बराड़ा ने माना। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रकोष्ठ जिला संयोजक उपस्थित थे।