जहानाबाद, बिहार में पुल गिरने का मामला फिर से सामने आने लगा है. दरअसल बिहार के अलग-अलग जिलों में पिछले साल पुल गिरने की कई घटनाएं हुईं थी. हालांकि इस साल पुल गिरने के कम ही मामले आए थे. लेकिन, अब एक बार फिर से बिहार में एक बड़े प्रोजेक्ट के तहत बन रहा एक पुल गिर गया है. दरअसल बिहार में निर्माण के दौरान पुल और पुलिया गिरने की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती है. लेकिन, किसी बड़े प्रोजेक्ट में छोटी सी लापरवाही की वजह से इस तरह की घटना हो तो कई सवाल खड़े होते हैं. दरअसल जहानाबाद जिले के ओकरी थाना क्षेत्र के शादीपुर रतन बिगहा गांव के पास भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा एक निर्माणाधीन पुल गिर गया है. हालांकि राहत की बात अच्छी बात यह रही कि बड़ा हादसा टल गया.
मिली जानकारी के अनुसार भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत आमस-दरभंगा एक्सप्रेस वे 119 डी का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके तहत शादीपुर और रतन बिगहा गांव के बीच में सड़क के साथ पुलिया का भी निर्माण किया जा रहा है. रविवार को निर्माणाधीन पुलिया अचानक भरभरा कर गिर गया. इस घटना में काम कर रहे दो मजदूर को चोट भी आई है. दोनों मजदूर का जहानाबाद सदर अस्पताल में इलाज कराया गया.
ग्रामीणों ने लगाया घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
बताया जा रहा है कि घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति कायम हो गई. अच्छी बात यह रही कि जान माल की क्षति नहीं हुई. जख्मी मजदूर चंदन कुमार और उसके एक साथी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. जख्मी मजदूर मसौढ़ी और जहानाबाद के रहने वाले हैं. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए. ग्रामीणों ने पुल निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर जांच की मांग की है. हालांकि इस प्रोजेक्ट के काम में लगे लोगों ने ऑफ द रिकॉर्ड बताया की ढलाई से पहले पुल की एक जांच की जाती है. उसी के दौरान यह पुल भरभरा कर गिर गया.