ड्यूटी के दौरान बिहार का लाल हुआ शहीद
पैतृक गांव पहुंचा शहीद जवान का पार्थिव शरीर
ऑपरेशन स्नो लेपर्ड" के दौरान बिहार रेजीमेंट का एक जवान देश की सेवा करते हुए शहीद हो गया। शहीद जवान बिहार के सारण जिलांतर्गत बनियापुर प्रखंड के रामधनाव गांव के बाबूराय टोला निवासी रघुनाथ साह का पुत्र देव किशोर साह है। शहीद जवान ऑपरेशन स्नो लेपर्ड में शामिल थे। इसी दौरान 27 मई को उनके मस्तिष्क में दर्द हुआ। परेशानी को देखते हुए जवान को इलाज के लिए आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां 05 जून को देव किशोर साह वीरगति को प्राप्त हो गये। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने गर्व के साथ उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी। शहीद का पार्थिव शरीर 6 जून को पटना एयरपोर्ट लाया गया, जहां बिहार सरकार के मंत्रियों, सेना के वरीय अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
मुखिया प्रतिनिधि प्रभुनाथ मांझी ने बताया कि पटना एयरपोर्ट पर सेना की टुकड़ी द्वारा सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी गई, और 'भारत माता की जय' के नारों के बीच उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रामधनाव लाया गया। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि प्रभुनाथ मांझी ने शोक संवेदना व्यक्त की। उनके नेतृत्व में युवाओं की टीम ने भारत माता की जयघोष करते हुए शहीद के शव को सम्मान के साथ भकुरा भिट्ठी से गांव लाया। जहां ग्रामीणों द्वारा शहीद का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। शहीद को गॉड ऑफ ऑनर देने के बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार रिवीलगंज थाना क्षेत्र के सरयू नदी तट स्थित सेमिया घाट पर किया गया। गॉड ऑफ ऑनर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी रमेन्द्र कुमार, अचंल पदाधिकारी दीनानाथ कुमार सहित स्थानीय थाने के दर्जनों पदाधिकारी और सिपाही के अलावा सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
हीद जवान बिहार रेजिमेंट के एक मिलिट्री ऑपरेशन में बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामधनाव गांव के बाबूराय टोला निवासी देव किशोर साह 05 जून को शहीद हुए हैं।जिनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रामधनांव के बाबूराय टोला पहुंचा। जहां सारण के अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
साथ ही अमर शहीद के परिजन को बिहार सरकार की ओर से 21 लाख रुपए सम्मान राशि का चेक भेंट किया गया है। वहीं पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया है। हिमाचल प्रदेश के पूह में ड्यूटी के दौरान बिहार के लाल की शहीद होंने की सूचना से गांव में मातम पसरा हुआ है। उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वीर सपूत की शहादत पर उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।
वहीं सारण जिला प्रशासन की ओर जारी बयान के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र पूह में ड्यूटी के दौरान बिहार का एक जवान देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया है। शहीद जवान की पहचान बिहार के सारण जिलांतर्गत बनियापुर थाना क्षेत्र के रामधनाव गांव स्थित बाबूराय टोला निवासी देव किशोर साह के रूप में हुई है। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल लाया गया, जहां के चिकित्सको ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहीद जवान की शहादत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शोक व्यक्त करने शहीद के घर पहुंच शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूरा क्षेत्र इस वीर सपूत की बहादुरी और समर्पण को नमन कर रहा है।