DM की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
BPSC की परीक्षा में कोई पेपर फाड़ रहा था तो कोई लूट रहा था...
पटना, बीपीएससी परीक्षा में हुए बवाल को लेकर राजधानी पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बीपीएससी को जांच रिपोर्ट सौंप दी है. साथ ही उन्होंने हंगामे की भी सीसीटीवी फुटेज भेजी है. बीते शुक्रवार को पटना के बापू परीक्षा भवन में बीपीएससी की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया. हालात को काबू करने के लिए भारी पुलिस बल बुलानी पड़ी और यही नहीं इसी हंगामे के दौरान आवेश में आकर पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने एक अभ्यर्थी को थप्पड़ भी जड़ दिया.
डीएम ने सौंपी हंगामे की जांच रिपोर्ट
डीएम ने जो जांच रिपोर्ट सौंपी है. वह जांच वरीय दंडाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता और केंद्राधीक्षक ने की है. रिपोर्ट में बताया है कि सभी पदाधिकारी, कर्मी और सुरक्षा कर्मी केंद्र पर समय से मौजूद थे. परीक्षा केंद्र पर ससमय 10.55 बजे प्रश्न पत्र उपलब्ध करा दिया गया था. विधिवत प्रश्न पत्र का सील्ड बॉक्स खुलने के पश्चात सभी कमरे में सील्ड प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया जाने लगा. प्रश्न पत्र में 10 से 15 मिनट विलंब होने पर कुछ परीक्षार्थी हंगामा करने लगे.
पेपर छीनकर अभ्यर्थी फाड़ने लगे
रिपोर्ट में बताया है कि जब पेपर देरी से बांटा गया तो केंद्राधीक्षक ने यह भी कहा कि जिनको पेपर लेट मिला है, उनको अतिरिक्त समय दिया जाएगा. लेकिन फिर भी कुछ अभ्यर्थी हंगामा करने लगे थे. हंगामा सुनकर अन्य कमरे से भी परीक्षार्थी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे. इस दौरान बुकलेट के साथ उपस्थिति पत्रक छीनकर फाड़ने लगे और अफवाह फैलाने लगे की सभी की परीक्षा रद्द हो गई है.
पेपर तक लूट ले गए अभ्यर्थी!
डीएम ने जो जांच रिपोर्ट सौंपी है, उसमें बताया है कि हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों में से एक परीक्षार्थी ने ट्रंक से प्रश्न पत्र का पैकेट लूट लिया और लहराते हुए गेट तोड़कर बाहर निकल गया. समय पर वरीय अधिकारी पहुंचकर मामले को नियंत्रित किया और अंदर बैठे परीक्षार्थियों को शांति से परीक्षा दिलवाया. अगर अधिकारी मुस्तैद नहीं होते तो भारी तोड़फोड़ और आगजनी की घटना होती.
DM की जांच रिपोर्ट के बाद बड़ी बैठक आज
बता दें कि BPSC परीक्षा में हंगामा मामले पर आज महत्वपूर्ण बैठक भी होने वाली है. आयोग कार्यालय में चेयरमैन के नेतृत्व में बैठक होगी. डीएम पटना की जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही आयोग एक्शन में आ गया है. आज की बैठक के बाद आयोग बड़ा फैसला लेगा. साथ ही उपद्रव में शामिल अभ्यर्थियों की पहचान हो गई है. तकनीकी टीम ने हंगामा, अफवाह फैलाने वालों की शिनाख्त कर ली है. बुकलेट और उपस्थिति पत्रक लूटने और फाड़ने पर होगी बड़ी कार्रवाई.