CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, ग्राम टुकराना निवासी भील समाज के लोगों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक शाजापुर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम के ही एक दबंग व्यक्ति पर लगातार प्रताड़ना, जातिगत अपमान और जमीन पर अवैध कब्जे के गंभीर आरोप लगाए। कालुराम पिता कन्हैयालाल भील ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी पप्पीबाई के द्वारा श्यामसिंह निवासी टुकराना के खिलाफ 16 जून 2025 एवं 18 फरवरी 2025 को थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रार्थी का आरोप है कि श्याम सिंह एक प्रभावशाली और दबंग व्यक्ति है, जिसके प्रभाव में आकर पुलिस उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही। ज्ञापन में बताया कि आरोपी आए दिन जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करता है और समाज में भय का माहौल बना रहा है। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपी ने उनकी निजी भूमि पर जबरन कब्जा कर रखा है और अब समाज के अन्य लोगों की जमीन पर भी बुरी नजर रखे हुए हैं। जयस आदिवासी संगठन के बैनरतले ज्ञापन सौंपकर भील समाज ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर श्याम सिंह के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में व्याप्त भय का वातावरण समाप्त हो और पीडि़तों को न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा आदिवासी समाज की सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों का पालन करने की भी मांग की।