भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक दमोह में सम्पन्न
भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक दमोह में सम्पन्न
CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS
दमोह, भारतीय मजदूर संघ (BMS) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति एवं पदाधिकारियों की बैठक का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन दमोह जिला इकाई द्वारा किया गया। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक दृष्टि से बल्कि प्रबंधन, आतिथ्य सत्कार एवं अनुशासन के मानकों पर भी एक मिसाल बनकर सामने आया।
बैठक में केंद्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर तक के सैकड़ों पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। आयोजन में केंद्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील किरवाई, केंद्रीय अंकेक्षक चंद्रशेखर व्यास, जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी से प्रदेश महामंत्री संजय सिंह, संयुक्त महामंत्री कुलदीप गुर्जर एवं आशीष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना राजोरिया, कमलेश पटेल व हरेंद्र सिंह चंदेल, प्रदेश मंत्री अजय विश्वकर्मा एवं जितेंद्र भदौरिया, संगठन मंत्री निरंजन कुमार, कोषाध्यक्ष उमेश शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ जनों ने बैठक में भाग लिया।
दमोह इकाई की ओर से श्रेष्ठ आयोजन, प्रदेश अध्यक्ष ने की मुक्तकंठ से प्रशंसा
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि “दमोह संगठन इकाई द्वारा किया गया यह आयोजन प्रदेश के इतिहास में अद्वितीय है। सभी व्यवस्थाएं समय पर और अनुशासित रहीं। किसी भी पदाधिकारी को असुविधा नहीं हुई, जो यह दर्शाता है कि टीमवर्क और नेतृत्व दोनों ही दमोह में मजबूत हैं।”
इस अवसर पर दमोह के जिला महामंत्री देवेन्द्र चौबे एवं सागर संभागीय विभाग प्रमुख धर्मेंद्र चौबे को आयोजन की सफलता के लिए विशेष रूप से सराहा गया। उन्होंने पूरी कार्यकारिणी के साथ मिलकर जिस समर्पण और योजना के तहत बैठक का संचालन किया, वह संगठन के लिए प्रेरणा स्वरूप है।
पूरे प्रदेश से जुटे 52 जिलों के प्रतिनिधि
बैठक में मध्यप्रदेश के 52 जिलों के विभाग प्रमुख, जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं संगठन से जुड़े अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। यह भी एक रिकॉर्ड है कि किसी एक जिले द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इतने बड़े स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की गई हो।
मीडिया, भोजन, सत्कार – हर स्तर पर रही परिपूर्णता
मीडिया प्रभारी धीरज कुमार द्वारा संपूर्ण बैठक की दृश्यात्मक कवरेज की गई। उन्होंने कैमरे में बैठक के हर महत्वपूर्ण क्षण को कैद किया, जिससे दस्तावेजीकरण एवं प्रचार-प्रसार में सुविधा रहेगी।
भोजन प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा समय पर चाय, नाश्ता एवं भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई, जिसका सभी आगंतुकों ने प्रशंसा के साथ उल्लेख किया।
स्मृति चिन्ह में दमोह की सांस्कृतिक झलक
बैठक के समापन अवसर पर दमोह इकाई द्वारा सभी आगंतुक पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए, जिन पर दमोह के प्रसिद्ध “बड़े बाबा” एवं जागेश्वर धाम के भगवान भोलेनाथ की सुंदर छायाचित्र अंकित थे। यह स्मृति चिन्ह सभी के लिए प्रेरणादायी एवं सौहार्द का प्रतीक रहा। उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने इसे आदरपूर्वक स्वीकार करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्य योजना, समीक्षा एवं भविष्य की रणनीति पर चर्चा
बैठक के मुख्य एजेंडे में पिछले छह माह की गतिविधियों की समीक्षा, विभिन्न श्रमिक संगठनों से संवाद, संगठन विस्तार, सरकारी विभागों में श्रमिक हित संरक्षण, तथा आगामी कार्ययोजना पर रणनीति बनाना शामिल रहा। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए और संगठन की मजबूती हेतु सुझाव दिए।