बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड का मामला
पति-पत्नी एक किलो सोने के साथ गिरफ्तार; मास्टरमाइंड धराया
बैंक ऑफ महाराष्ट्र काशीपुर शाखा में 7 मई को हुए 10 किलो सोना और 15.02 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना पुलिस ने एसटीएफ की मदद से लूटकांड के मास्टरमाइंड कुख्यात अपराधी अखिलेश राय उर्फ गोलाई उर्फ गोलू को डीआरएम चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 382.50 ग्राम सोने के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और बैंक का प्लास्टिक बैग बरामद किया है।
अखिलेश की पत्नी सविता देवी को भी सोना छिपाने के आरोप में पटोरी थाना क्षेत्र के तारा धमौन गांव से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि कुछ सोना जमीन में गाड़कर रखा गया था, जिसे खोदकर बरामद किया गया है। अब तक लूटकांड में करीब 3 किलो सोना बरामद हो चुका है, जिसकी कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि अखिलेश राय के खिलाफ समस्तीपुर, वैशाली समेत कई जिलों में कुल 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने पहले से गिरफ्तार अभियुक्त दीपक मुंशी के साथ मिलकर इस लूट की साजिश रची थी। इस मामले में अब तक कुल 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।