बांदकपुर वासियों को पीले चावल देकर भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा
CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS
दमोह, प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी, विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया ने आज बांदकपुर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीले चांवल देकर ग्रामवासियों को कॉरीडोर भूमिपूजन के लिये आमंत्रित किया और भगवान जागेश्वरनाथ माता पार्वती के दर्शन कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये प्रार्थना की। इस अवसर पर डीआईजी सुनील कुमार जैन, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद थे।
इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बहुत दिनों से सारे लोग प्रतीक्षा कर रहे थे की जागेश्वर लोक का भूमि पूजन कब होगा तो वह शुभ घड़ी आ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जी हम सबके बीच में होंगे और बांदकपुर जागेश्वरनाथ लोक का भूमि पूजन करेंगे। यहां बहुत दिव्य और भव्य कार्यक्रम होगा। राज्यमंत्री ने बताया कॉरीडोर भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका अभिलिप्सा पांडा भी सबके बीच में होंगी, जो शिव भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर शमां बाधने का काम करेंगी।
राज्यमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया हैं अधिक से अधिक संख्या में पधार कर जागेश्वरनाथ लोक के भूमि पूजन कार्यक्रम में सभी पधारे। उन्होंने कहा आज सांसद राहुल सिंह जी, राज्यमंत्री लखन पटेल , विधायक मलैया के साथ सब लोगों को पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रित करने का काम किया है। यहां दिव्य और भव्य कार्यक्रम संपन्न होगा, यह एक बड़ी उपलब्धि जागेश्वरनाथ लोक के रूप में पर्यटन विभाग के द्वारा प्राप्त होगी, यह बहुत भव्य लोक बनके तैयार होगा।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बांदकपुर कॉरिडोर के भूमि पूजन अवसर पर पधार रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां का जायजा लिया गया हैं। साथ ही बांदकपुर ग्राम में सभी को पीले चावल देकर निमंत्रण दिया गया हैं। साथ-साथ आसपास के गांव में सभी जगह पीले चावल भिजवाकर सभी लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं, क्योंकि यह बहुत बड़ा काम और पुण्य कार्य भी हैं। साथ ही साथ बांदकपुर का विकास भी तेज गति से होगा, दमोह बांदकपुर मिलने में 10 साल से ज्यादा का समय नहीं लगेगा दमोह-बांदकपुर एक हो जायेंगे।
राज्यमंत्री ने कहा जिस तरीके से कॉरिडोर की योजना बनी और इसका काम होना है, ये बहुत ही दर्शनीय, भव्य और दिव्य होगा। उन्होंने कहा मेरी ओर से मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह का भी बहुत-बहुत धन्यवाद, जिनकी वजह से दमोह जिले में सौगात दी उसके लिए उनका बहुत बहुत आभार।
सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी ने कहा बड़ी प्रसन्नता का विषय है, कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डाँ मोहन यादव का आगमन हो रहा है, व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, सारी तैयारी हो गई हैं। पीले चावल देकर पूरे बांदकपुर में सभी लोगों को आमंत्रित किया हैं। पहले बुंदेलखंड खजुराहो के नाम से जाना जाता था लेकिन जब यह कॉरिडोर बन के तैयार होगा, जब बुंदेलखंड का नाम लिया जाएगा तो बॉदकपुर प्रथम स्थान पर निकल कर आएगा। आने वाले समय में संपूर्ण बुंदेलखंड बांदकपुर के नाम से जाना जाएगा। सांसद राहुल लोधी ने कहा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से महादेव ने सबको कुछ दिया है, कल वह तारीख तय हो गई है, कॉरिडोर का निर्माण प्रारंभ हो रहा है।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने सभी लोगों से आग्रह करते हुए कहा इस पल के साक्षी बनें और अधिक से अधिक संख्या में यहाँ पहुंचे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह, वरिष्ठ विधायक जयंत कुमार मलैया, राज्यमंत्री लखन पटेल की गरिमामय उपस्थिति में इसका भूमि पूजन होने जा रहा है। यहाँ क्षेत्र में भी सभी को आज पीले चावल देकर आमंत्रित किया है, साथ में बड़ी संख्या में अलग-अलग ग्राम पंचायत के सरपंच भी आए हैं, सभी लगे हुए हैं, यह कार्यक्रम भव्य और दिव्य बनेगा। उन्होंने कहा मुझे पूर्ण भरोसा है जिस प्रकार का जोश और उत्साह आज यहाँ देखने मिल रहा है कल भूतों न भविष्यति होने वाला हैं। इतिहास के पन्नो में 9 मई का समय दर्ज होने वाला है।
पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बांदकपुर कॉरिडोर के प्रथम चरण का भूमि पूजन करने के लिए आ रहे है, सारी तैयारियां का जायजा मंत्री लखन पटेल, सांसद राहुल सिंह और मंत्री धर्मेन्द्र सिंह सभी लोगों ने लिया हैं। तैयारियां बहुत अच्छी चल रही हैं, लोगों में बहुत उत्साह है। जयंत मलैया ने सभी लोगों से आग्रह किया हैं, कि ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में माताएं बहनें और सारे नौजवान लोग यहाँ पधारें और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करें। उन्होंने कहा आज सभी जनप्रतिनिधिगण पीले चावल देकर दुकान-दुकान, घर-घर कॉरिडोर के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया हैं।
डी.आई.जी सागर सुनील कुमार जैन ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित बांदकपुर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया हैं। इस दौरान हेलीपैड, मंदिर, सड़क, सभा स्थल आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है। समुचित सुरक्षा व्यवस्था के सबंध में पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गये हैं। उन्होंने कहा अच्छी व्यवस्था की गई ताकि सभी कार्यक्रम अच्छे से शांतिपूर्वक संपन्न करा लिये जाए।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपराहृ 03:10 बजे बांदकपुर आयेंगे और 6 बजे तक यहाँ पर रहेंगे। इस बीच हेलीपैड से सीधे बांदकपुर मंदिर पहुँचेंगे, यहाँ मुख्यमंत्री भगवान जागेश्चरनाथ जी के दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद सीधे सभा स्थल पर पहुँचेंगे। सभा स्थल पर मंच कार्यक्रम के अलावा बांदकपुर पर केंद्रित एक पुस्तिका का विमोचन, एक वीडियो का प्रदर्शन होगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में अभिलिप्सा पांडा प्रसिद्ध गायिका भगवान शिव पर आधारित गीत प्रस्तुत करेंगी। कलेक्टर ने कहा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देगें। उन्होंने कहा एक बहुत विशेष बात मंच पर साधु-संत भी होंगे, जो की इस कार्यक्रम के साक्षी बनेगें। इस प्रकार से एक भव्य और दिव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी हैं।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आमजन से आग्रह करते हुए कहा अधिक से अधिक संख्या में बांदकपुर धाम पधारें और ना केवल भगवान शिव के दर्शन का लाभ लें बल्कि इस कार्यक्रम की गरिमा भी बढ़ायें।