दरभंगा, दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अभंडा गांव में अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया. पुलिस पर न केवल पत्थरबाजी की गई, बल्कि उनके हथियार छीनने की भी कोशिश हुई. इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.दरअसल, पुलिस टीम कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपी जितेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी. जितेंद्र के खिलाफ वारंट और कुर्की की कार्रवाई का मामला दर्ज था. जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो गांव के लोग उग्र हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया. हमले में पुलिसकर्मियों पर जमकर पत्थरबाजी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमलावरों ने पुलिस के हथियार छीनने का प्रयास भी किया.