पटना में ASI ने गोली मार कर की खुदखुशी
प्रेशर की बात कह कर रो पड़े पिता
पटना, बिहार के पटना में एक एएसआई ने शुक्रवार (1 नवंबर) को सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली है. गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित ट्रैफिक संचालन कार्यालय एकता भवन के बैरक में एएसआई की लाश मिली है. मौके पर सेंट्रल एसपी स्वीटी सहरावत और एफएसएल की टीम पहुंच कर जांच में जुटी है.
आरा के रहने वाले थे एएसआई
मृतक की पहचान अजीत सिंह के तौर पर हुई है, जो आरा के रहने वाले थे. वे पुलिस लाइन में तैनात थे. बताया जाता है कि जहां पर मृतक की बॉडी पड़ी हुई है, वहां पर से सटे बहुत सारे बेड हैं. एक छत के नीचे कई पुलिस कर्मी रहते हैं. एएसआई आत्महत्या मामले में सिटी एसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि हर बिंदु पर जांच चल रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
क्या है सिटी एसपी का कहना?
जब सिटी एसपी से पूछा गया कि अजीत सिंह छुट्टी नहीं मिलने के कारण परेशान थे, तो इस पर सिटी एसपी ने कहा कि सभी मामले की जांच की जा रही है. एफएसएल टीम भी जांच कर रही है. वहीं इस मामले में एएसआई के पिता विनोद सिंह ने कहा कि हमने दीपावली में बुलाया था वह नहीं आए. मैंने कहा कि छठ में आ जाओ. उन्होंने कहा कि कहां छुट्टी मिलेगी. छुट्टी मिला तभी आ पाएंगे.