बीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के चरित्र पर हुई नाटिका की प्रस्तुति
सर्व समाज के पदाधिकारियों का किया गया सम्मान
CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS
दमोह, शहीद कभी किसी एक जाति और समाज के नहीं होते हैं, शहीदों ने पूरे देश के लिए बलिदान किया होता है, अभी आपने नाटिका देखी जिसमें रानी अवंती बाई ने युद्ध किया, उनके साथ आदिवासी सैनिक, किसान, मजदूर सभी वर्ग के लोगों ने रानी अवंती बाई का सहयोग किया और सभी ने अंग्रेजों के दांत खट्टे करने का काम किया, यह गाथा दिग्-दिगंतर तक फैलती रहे, रानी अवंती बाई के साथ-साथ भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुखदेव और भी शहीदों को याद करें, काकोरी कांड के नायकों को याद करें, कहने का तात्पर्य है सारे जो अमर शहीद है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए काम किया है, उन सभी को हम याद करें, इन कार्यक्रमों का यही उद्देश्य है। रामगढ़ की रानी अवंती बाई पुस्तिका संस्कृति विभाग के द्वारा प्रकाशित करवाई गई है, इसमें रानी का पूरा जीवन चरित्र है, पुस्तिका का प्रकाशन संस्कृति विभाग और स्वराज संस्थान के द्वारा प्रकाशित करवाई है। इस अवसर पर पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस आशय के विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने आज रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर विशाल तिरंगा यात्रा उपरांत आयोजित गरिमामय सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्यक्त किये।
1857 की क्रांति की स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर एक विशाल तिरंगा यात्रा स्थानीय तहसील ग्राउण्ड से प्रारंभ होकर केएन कॉलेज, किल्लाई नाका चौराहा, राय तिराहा, घंटाघर, बेलाताल, होते हुये जटाशंकर में रानी अवंती बाई लोधी की मूर्ति पर माल्यापर्ण कर समापन हुआ। इस दौरान सांसद राहुल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजिता गौरव पटैल, विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया, विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी, पूर्व सांसद चन्द्रभान सिंह, पूर्व मंत्री दशरथ सिंह लोधी, पूर्व विधायक प्रताप सिंह लोधी, भाव सिंह मासाब, हाकम सिंह लोधी, सत्येद्र सिंह, नीतेन्द्र सिंह, नरेन्द्र बजाज, लोकेन्द्र पटैल मौजूद थे।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा रानी अवंती बाई की जन्म जयंती के अवसर पर एक विशाल तिरंगा यात्रा निकल गई है, लगभग 5 किलोमीटर की पैदल तिरंगा यात्रा रानी रानी अवंती बाई जी की जयंती के अवसर पर एक ऐतिहासिक कार्यक्रम दमोह में संपन्न हुआ। जब हम अपने अमर शहीदों को याद करते हैं, निश्चित रूप से हमारे अंदर देशभक्ति की ज्वाला धधकती है और कहां भी गया है "तुमने दिया देश को जीवन, देश तुम्हें क्या देगा, अपनी आग तेज रखने को नाम तुम्हारा लेगा" ऐसी रानी अवंती बाई के चरणों में प्रणाम करते हुए, नमन करते हुए यह कार्यक्रम हुआ और रानी अवंतीबाई लोधी के ऊपर एक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। उन्होंने कहा अभी आप सभी ने जो नृत्य नाटिका देखी यह संस्कृति विभाग द्वारा रानी अवंती बाई पर तैयार करवाई गई है, रानी अवंती बाई लोधी की प्रस्तुति पूरे प्रदेश में हो इसके लिए संस्कृति विभाग को निर्देशित किया जाएगा। जिस प्रकार से रानी दुर्गावती जी की प्रस्तुतियां होती हैं, उसी प्रकार से अब पूरे प्रदेश में रानी अवंती बाई लोधी के जीवन चरित्र पर यह जो नाटिका प्रस्तुत की गई है, इसको पूरे मध्य प्रदेश में प्रस्तुति की जाएगी।