मैहर के डायरिया प्रभावित गांवों का दौरा करेगी चार सदस्यीय मेडिकल टीम
संभागायुक्त के निर्देश पर टीम का गठन
CURATED BY – SHREE NIWAS MISHRA | CITYCHIEFNEWS
मैहर, मैहर जिले के ग्राम पिपरहट, मौदहा, हरदुआसानी, जरियारी, डेल्हा आदि ग्रामों में प्रतिदिन आने वाले डायरिया एवं उल्टी - दस्त से प्रकरणों की जानकारी तथा वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए कलेक्टर मैहर श्रीमती रानी बाटड ने कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद से बीमारी की रोकथाम एवं उपचार के लिए सतना , रीवा मेडीकल कॉलेज से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने का आग्रह किया था । कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय सतना के अधिष्ठाता को मैहर जिले के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम तत्काल भेजकर कलेक्टर मैहर के निर्देशन में कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है । इस बीच मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने सोमवार को मैहर जिले के ग्राम पंचायत डेल्हा का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को हर घर में जाकर लोगों की स्वास्थ्य का अवलोकन करने एवं डायरिया से बचाव हेतु लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए । कलेक्टर ने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रत्येक 2 घंटे में प्रभावित लोगों की जांच करें एवं घर - घर जाकर उपयोगी दवाओं और ओआरएस का वितरण करें एवं प्रभावित लोगों की सूची बनाकर लगातार मानीटरिंग भी करें । कलेक्टर ने डायरिया से प्रभावित मरीजों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचने के लिए तत्काल साधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
क्लोरीनेटेड वाटर टैंकर का पानी पीने की सलाह
मैहर कलेक्टर रानीबाटड ने डायरिया प्रभावित लोगों से मुलाकात की और पेयजल के लिए साफ , स्वच्छ क्लोरीनेटेड वाटर टैंकर के पानी का ही उपयोग करने की अपील की है । मैहर कलेक्टर द्वारा जिले के मुख्य ' चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से डायरिया फैलने के कारणों और रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों तथा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन भी मांगा है । कलेक्टर मैहर को प्रस्तुत प्रतिवेदन में सीएमएचओ डॉ . एलके तिवारी ने प्रभावित ग्रामों के नागरिकों से स्थानीय प्रशासन द्वारा भेजे जा रहे वाटर टैंकरों के क्लोरीनेटेड जल को ही पीने के उपयोग में लेने की सलाह दी है।