रेलवे स्टेशन पर महिला के साथ खड़ी थी 5 लड़कियां
GRP ने पूछा- कौन हो? प्लेटफॉर्म पर मचा हड़कंप
CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS
गोपालगंज, गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र के एक गांव से गायब हुईं पांच लड़कियों को पुलिस ने रेस्क्यू कर पटना जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया. वहीं, लड़कियों को भगाने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार महिला मांझा थाना क्षेत्र के कमनपुरा गांव की रहने वाली है, जो गांव के ही एक गैस एजेंसी पर काम करती थी. पुलिस ने मेडिकल जांच कराने के बाद सभी लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया है. वहीं, इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
बताया जाता है कि मांझा थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते 22 अगस्त की रात पांच नाबालिग लड़कियां अचानक से गायब हो गई थीं. इसकी सूचना मिलने के बाद मांझा थानाध्यक्ष संग्राम सिंह ने एक टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की और पांचों नाबालिग लड़कियों को पटना जंक्शन से बरामद कर लिया. वहीं एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला अपने दो बच्चे तथा पति को छोड़कर पांच दिन से घर से फरार थी. पूछताछ में महिला ने बताया कि पांचों नाबालिगों को पहले फोन पर ब्रेन वॉश किया गया था. पांचों को सीवान जिला के बड़हरिया में बुलाया गया था. वहीं से एक बस में बैठकर पटना ले गई थी.