22 साल की सलोनी की ससुराल में हत्या
गाड़ी और घर बनाने के लिए मांग रहे थे दहेज
पटना, बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक नवविवाहिता की गला घोंट कर हत्या कर दी गई। उसका शव शुक्रवार को बैरिया थाना क्षेत्र के खिराया घाट स्थित ससुराल वाले घर से मिला। मृतका की पहचान 22 साल की सलोनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही गाड़ी और घर बनाने के लिए दहेज की मांग कर रहे थे। सलोनी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
एसडीपीओ रजनीशकांत प्रियदर्शी ने बताया कि सलोनी देवी के शव को शुक्रवार दोपहर 12 बजे उसके ससुराल स्थित घर से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का पता चलेगा। परिजन ने दहेज नहीं मिलने पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सलोनी के पति इंदिरा आवास सहायक अभिजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जीएमसीएच अस्पताल में सलोनी देवी के शव का पोस्टमार्टम करने पहुंचे उसके जीजा सिरीसिया थाना क्षेत्र के बृजबनिया गांव निवासी मुनचुन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह में उन लोगों को घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि बेतिया में रहने वाली सलोनी की बड़ी बहन पूजा देवी ने फोन कर कहा कि सलोनी के ससुराल वालों ने उसे फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है। सलोनी का मायका बगहा के पिपरिया बड़गांव में है। सलोनी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वे तुरंत अन्य परिजन के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे।
उस वक्त सलोनी के पति अभिजीत सिंह को बैरिया पुलिस की टीम गिरफ्तार कर ले गई थी। सलोनी का शव उसके कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ था। सलोनी के पिता विजय बहादुर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था ससुराल वाले दहेज में कभी गाड़ी तो कभी घर की ढलाई करने के लिए रुपये की मांग करते थे। दहेज नहीं देने के चलते सलोनी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।