CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS

दमोह, जिले भर से आये नागरिकों ने अपनी समस्यायें जनसुनवाई में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के समक्ष रखी, इस दौरान 212 आवेदनों पर सुनवाई करते हुये कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये। आज की जनसुनवाई में कलेक्टर श्री कोचर ने अलग से 04 स्टॉल लगवाये जिनमें आधार अपडेट, मोबाइल से आधार लिंक,ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड की सुविधा के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया जनसुनवाई में 04 स्टॉल लगाए हैं, जिनका उद्देश्य यही था कि व्यक्ति यहां पर आता है, कम से कम दो से तीन घंटा वह यहां पर बिताता है, तो उसके कुछ दूसरे काम भी हो जाए, जिनके लिए उसको इधर-उधर भटकना न पड़े। आधार अपडेट के लिए यदि किसी को आधार अपडेट करना हो, मोबाइल से आधार लिंक करना हो इसकी सुविधा यहां पर दी है, ई-केवाईसी की सुविधा दी है, आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी है और नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जिसमें बी.पी. शुगर जैसे बेसिक टेस्ट होते हैं इसके साथ कुछ बेसिक दवाइयां भी यहां पर रखवाई है और यहां पर डॉक्टर भी है। इस तरह से चार प्रकार के स्टॉल यहां पर लगाए गए हैं, अभी तक इन सारी व्यवस्थाओं का लगभग 200 लोगों ने लाभ लिया है, जिसमें से 160 स्वास्थ्य परीक्षण हुये है, इसके अलावा लगभग 40 लोगों ने आधार और ई-केवाईसी इन सब चीजों का लाभ लिया है।
उन्होंने कहा जनसुनवाई के दौरान यह सुविधायें लगातार जारी रहेंगी जैसे स्वास्थ्य शिविर दो-तीन जनसुनवाई से लगातार लग रहे हैं, अब यह पैटर्न बन गया है, यह भी लगातार जारी रहेगा, अब इसको हम ब्रेक नहीं करेंगे। प्रयास किया जायेगा कि इसमें और कुछ चीज ऐसी जोड़ सके जिसके लिए जनता को अलग-अलग जगह ना जाना पड़े, वे यहां आकर के बैठते हैं तो उन्हें यहीं पर लाभ मिल जाए। कोशिश करेंगे कि इसको और बेहतर बनाया जा सके।           
जनसुनवाई में आई पूजा नामदेव ने बताया यहां पर मुझे बहुत सी नई चीजें देखने को मिली है, पहले आते थे यहां कुछ भी नहीं था, यहां-वहां भटकते रहते थे कुछ नहीं होता था। अब आते हैं तो एक ही जगह पर सारी चीज है, आधार कार्ड भी सुधारे जा रहे हैं, सारी चीजें उपलब्ध है।
राजेश अहिरवाल ने बताया आधार कार्ड अपडेट करवाने आए थे, यहां पर एक ही जगह पर सारी सुविधा मिल रही है। इससे अच्छा लग रहा है, अंदर सारी सुविधाएं हैं।