Curated by - RAGHAVENDRA SINGH | CITYCHIEFNEWS

रतलाम, प्रदेशभर में यूरिया खाद को लेकर चल रही मारामारी के बीच आलोट के कांग्रेस विधायक मनोज चावला अपने साथियों के साथ पहुंचे और खाद गोदाम में किसानों से खाद की लूट करवाने का मामला सामने आया है। खाद की लूट को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी भी आलोट पहुंचे। इसके बाद देर रात आलोट विधायक मनोज चावला, उनके साथी कांग्रेस नेता योगेंद्रसिंह जादौन पर लूट सहित शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कराया गया है।

गोदाम इंचार्ज ने दिया आवेदन
आलोट थाने के सब इंस्पेक्टर जोरावरसिंह सिसोदिया को मप्र राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित रतलाम शाखा आलोट के गोदाम इंचार्ज इंचार्ज 53 साल के भगतराम पिता जगन्नाथ येदू निवासी हाउसिंग बोर्ड कलोनी आलोट ने आवेदन दिया कि वे 10 नवंबर को अपने सहकर्मी कम्प्यूटर ऑपरेटर अशोक कुमार चंद्रवंशी, चौकीदार आशाराम पाटीदार एवं मुकद्दम जगदीश माली एवं अन्य हम्माल के साथ गोदाम पर किसानों को खाद वितरण का कार्य कर रहे थे।
दोपहर तकरीबन 12.30 बजे गोदाम का एफएमएस पोर्टल का सर्वर डाउन होने से कार्य में कुछ रूकावट आ गई। इसके बाद खाद लेने वालो की भीड़ बड गई तब हम किसानों को ऑफलाइन मोड में खाद वितरण करने का कार्य कर रहे थे ।इसी दौरान आलोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज चावला एवं उनके सहयोगी योगेन्द्रसिंह जादौन आदि उक्त गोदाम पर आए एवं बहस करने लगे

विधायक आए और करवा दी लूट
गोदाम इंचार्ज बताया कि किसानों को पूर्व से ही खाद वितरण करने का कार्य किया जा रहा है और आप कार्य में बाधा उत्पन्न न करे, लेकिन फिर भी उन्होंने घटना को अंजाम देने की नियत से मुझे डराया धमकाया गया और उत्तेजित एवं आक्रोशित होकर खाद से भरे गोदाम का शटर उठाकर अपने लोगों को कहा कि- उठा लो, लूट लो। इसके बाद मनोज चावला एवं उनके साथियों ने गोदाम में रखे शासकीय उर्वरक एवं खाद की बोरियों को लूट लिया और वहा से भाग गए।

28 बोरियां लूट का केस
गोदाम में रखे खाद एवं उर्वरक का विक्रय एवं स्टक का मिलान किया गया तो उसमें 6 बोरी डीएपी, 1 बोरी कम्प्लेक्स उर्वरक एवं 21 बोरी यूरिया गोदाम में गणना के समय कम पाई गई। लूटी गई खाद की बोरियों की कीमत 15096.50 रुपए है। विधायक और उनके साथी ने शासकीय संपत्ति की लूट, शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय हानि पहुंचाई गई। पुलिस ने दोनों पर 353, 332 और 392 में केस पंजीबद्ध कर लिया है।