देवबंद में श्रीबालाजी धाम मंदिर परिसर में क्रिकेट खेलने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट
घटना के विरोध में बजरंग दल नेता विकास त्यागी के नेतृत्व में हिंदू संगठनों ने किया जमकर हंगामा
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
देवबंद | सहारनपुर, देवबंद में श्रीरामलीला ग्राउंड स्थित श्रीबालाजी धाम मंदिर प्रांगण के पास एक समुदाय के कुछ लडके क्रिकेट खेलते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। जब दूसरे समुदाय के लडकों द्वारा उन्हें मना किया गया तो वह उनके साथ गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। जिसके बाद कुछ और लोगों ने मौके पर आकर पथराव कर दिया। जिसमें मंदिर के दो सेवादार घायल हो गए। सूचना मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवबंद में श्रीरामलीला मैदान स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर प्रांगण के बाहर शनिवार देर शाम एक समुदाय के कुछ लडके क्रिकेट खेल रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। मंदिर के सेवादारों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस पर क्रिकेट खेल रहे लडकों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिससे मौके पर तनाव हो गया। इसके बाद क्रिकेट खेल रहे लोगों की ओर से कुछ और लोग मौके पर पहुंचे और पथराव करने लगे। जिसमें मंदिर के सेवादार विजय प्रजापति और अंश शर्मा घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रांगण में जमकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग पुलिस-प्रशासन से की। पुलिस ने मंदिर कमेटी की ओर से अभियोग पंजीकृत कर लिया है। हिंदू संगठनों ने पुलिस-प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की और कहा कि रामलीला ग्राउंड, श्रीबालाजीधाम पर हर बुधवार को लगने वाले पैठ बाजार को यहां लगना बंद कराया जाए क्योंकि यहां आसपास हिंदू बाहुल्य आबादी है और यहां मंदिर भी है इसलिए यह बाजार यहां नहीं लगना चाहिए। देर रात्रि तक हिंदू संगठनों का प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस व प्रशासन के कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान देवबंद पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी, आरएसएस नेता आशुतोष गुप्ता, मंदिर समिति अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता, अभिषेक त्यागी ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम देवबंद युवराज सिंह, सीओ देवबंद रविकांत पाराशर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को कार्यवाही का आश्वासन देते हुए शांत किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।