कब्रिस्तान की भूमि से गंदा पानी निकालने को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्ष आए आमने- सामने
पुलिस के साथ एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर | देवबंद, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के खेड़ामुगल गांव में कब्रिस्तान की भूमि से गंदा पानी निकालने को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्ष आमने- सामने आ गए। सूचना पाकर पुलिस के साथ एसडीएम मौके पर पहुंचे और जांच की। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ामुगल गांव स्थित कब्रिस्तान में गांव का गंदा पानी निकालने को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी मामले को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना मिलने पर एसडीएम देवबंद अंकुर वर्मा मौके पर जांच को पहुंचे। प्रधान गुरपाल ने बताया कि वह गांव के चकरोड से होकर गंदे पानी की निकासी को नाला बनवा रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने काम को रुकवा दिया और कब्रिस्तान की भूमि से ही नाला निकलवाने पर अड़े हैं।एसडीएम अंकुर वर्मा ने बताया कि कब्रिस्तान की भूमि में ग्राम पंचायत द्वारा गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की नाली बनवाने को समझौते की बात तीन सप्ताह पूर्व की गई थी। इस दौरान कब्रिस्तान का भराव करा दिया गया। जबकि अब कब्रिस्तान पक्ष वहां से पानी निकालने का विरोध कर रहा है। दोनों पक्षों से बात कर विवाद निपटाया जाएगा।