कांवड़ मार्गों पर नहीं होगी ईंधन की कमी
डीएम-एसएसपी ने पेट्रोल पंप स्वामियों संग बनाई व्यापक कार्ययोजना
सहारनपुर, आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पैट्रोल पम्प स्वामियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में कांवड़ मार्गों पर निर्बाध सेवाएं, सुरक्षा मानकों के पालन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के दिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी के दौरान कांवड़ यात्रा में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं एवं वाहनों की संभावित आवाजाही को दृष्टिगत रखते हुए पेट्रोल पम्पों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पैट्रोल पम्प संचालकों से यात्रा अवधि में निर्बाध रूप से ईंधन उपलब्ध कराने, पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी पेट्रोल पम्पों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पम्प परिसर में वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग एवं आवागमन की व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति से बचने तथा पुलिस एवं प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित रखने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को सूचित किया जाए, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, पम्पों पर कार्यरत कर्मचारियों से श्रद्धालुओं के प्रति शालीन, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने एवं उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में यह भी अपेक्षा की गई कि सभी पैट्रोल पम्प स्वामी कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय बनाए रखें, जिससे जनपद सहारनपुर में कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित, सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पेट्रोल पम्प संचालकों से प्रशासन का सक्रिय सहयोग करने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कांवड़ यात्रा-2026 का सफल एवं निर्विघ्न आयोजन सुनिश्चित होगा।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड