CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, दशम अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयुष विभाग, शिक्षा विभाग व नगर निगम के सहयोग से जनमंच सभागार में योग सप्ताह का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ राज्य मंत्री बृजेश सिंह, योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण, महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, नगरायुक्त डॉ.संजय चौहान व अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी और भाजपा महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 15 जून से शुरु हुआ योग सप्ताह 21 जून तक चलेगा। अध्यक्षता योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने की। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी डॉ.अर्चना द्विवेदी व आयुष विभाग के कृपाल सिंह ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर व पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए योग सप्ताह कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी और सभी लोगों से योग को अपने जीवन की दिनचर्या का आवश्यक हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर पाइन वुड स्कूल व स्टेडियम के योग साधको ने श्री शिव तांडव प्रार्थना के साथ योगासनों का प्रदर्शन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि भारत विभिन्न संस्कृतियों से भरा देश है, लेकिन भारत की संस्कृति का आधार भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति है। इसी संस्कृति के आधार पर भारत टिका है। उन्होंने कहा योग हमारी सबसे प्राचीन पद्धति है। बृजेश सिंह ने कहा कि जिस शिव तांडव योग साधक योग व नृत्य कर रहे थे। वह शिव तांडव हमारी संस्कृति है। उस नृत्य में भी योग का समावेश है, पूजा का समावेश है और प्रार्थना का समावेश है। उन्होंने स्वस्थ शरीर और लंबी आयु के लिए योग को अपनाने पर बल दिया। योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने कहा कि योग का पहला सूत्र है शुचि होने का भाव,यानि शुद्धता और पवित्रता। उन्होंने लोगों से स्वयं अपने आप और अपने परिवेश को साफ, स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए अपने शहर को सुंदर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। जो देश लड़ रहे है वह भी भारत से मित्रता चाहते है चूंकि हथियारों से, परमाणु बम से संतुलन तो बनाया जा सकता है लेकिन किसी को जीता नहीं जा सकता। दुनिया जानती है कि उनकी समस्या का समाधान भारत के पास है। केवल भारत ही एक ऐसा देश है जिसके पास नियोजित दृष्टि है। उन्होंने कहा कि आसन से शुरु कर भाषण पर समाप्त किया जाने वाला योग नहीं है,योग देश की सनातन संस्कृति है, उन्होंने उसे आगे ले जाने और बढ़ाने का आह्वान किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि इस वर्ष योग की थीम महिला सशक्तिकरण के लिए योग है। हम शक्ति के उपासक है। हमें देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए महिला शक्ति को पहचानना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और पूरा देश योग को घर घर ले जाने की बात कर रहे है, योग को विश्व पटल पर ले जाया जा रहा है। आज जब लोगों में मानसिक अवसाद बढ़ रहा है, ऐसी स्थिति में योग का महत्व और बढ़ जाता है। 
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए अति आवश्यक है तथा यदि हम स्वस्थ होंगे तभी खुशियों का आनंद ले सकेंगे। योग का मतलब जुडना है और यह जुडाव मानवता के लिए अति आवश्यक है। जब हम सब देशवासी एकजुट होंगे तब देश और भी तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
इसके अलावा नगर विधायक राजीव गुंबर, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी व निवर्तमान सांसद प्रदीप चौधरी ने भी सम्बोधित किया। योग करने वाले साधकों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन राकेश शर्मा ने किया। समारोह में उक्त के अतिरिक्त अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एस के तिवारी, एसडीएम सदर युवराज सिंह सहित आयुष व शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।