राजस्थान की बेटी घर ले आई अपने लिए पत्नी
परिवार ने भी धूमधाम से किया नई बहू का गृह प्रवेश
अब तक हमने गानों/फिल्मों में लड़के की लड़के से शादी और दो लड़कियों की आपस में शादी होते देखी है. मगर, राजस्थान की इस प्रेम कहानी ने समाज के अनेकों बंधनों को तोड़कर प्यार की नई इबारत लिखी है. दरअसल, राजस्थान के झालावाड़ में रहने वाली दो सहेलियों ने एक-दूसरे के साथ सात फेरे लेकर जीने-मरने की कसमें खाईं हैं.
दोनों लड़कियों ने एक अदालत में जाकर वकील से शादी का सहमति पत्र तैयार करवा, एक-दूसरे को माला पहनाकर शादी रचाई. अब ये दोनों सहेलियां जीवनसाथी के रूप में जिंदगी बिताएंगी. चलिए आपको खबर में बताते हैं कि इन दोनों सहेलियों ने आपस में ही कैसे और क्यों शादी कर ली?
धीरे-धीरे प्यार में बदल गई दोस्ती
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी नगर में रहने वाली सोनम माली (19) और उसकी सहेली रीना व्यास (22) एक जगह मजदूरी का काम करते हैं. वह एक-दूसरे को पिछले चार सालों से जानते थे. दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और धीरे-धीरे इनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. दोनों रोजाना घंटों मोबाइल पर बातें करने लगी और अपना सुख-दुख बांटती, जिससे दोनों को प्यार हो गया.
साथ रहूंगी वरना आत्महत्या कर लूंगी
बताया जा रहा है कि सोनम माली दूल्हा बनी, तो उसकी सहेली रीना व्यास दुल्हन है. दूल्हा बनी सोनम ने बताया कि कुछ दिन पहले रीना की मां और भाई ने रीना से झगड़ा किया था. झगड़े के बाद उन्होंने उसे घर से बाहर निकाल दिया, फिर रीना ने सोनम को पूरा घटनाक्रम बताया. सोनम ने कहा कि अब वह उसके साथ रहेगी, ऐसा नहीं हुआ तो वह आत्महत्या कर लेगी.
दुल्हन बनी रीना के घर वालों ने किया विरोध
सोनम ने सारा वाकया अपने माता-पिता को बताया. फिर उनकी सहमति मिलने के बाद सोनम ने रीना के साथ अदालत में जाकर शादी कर ली. खास बात यह रही है कि सोनम की मां रीना का स्वागत बिलकुल बहू की तरह किया. उन्होंने सारे रीति-रिवाज से रीना का घर में प्रवेश करवाया. कहानी में दिलचस्प मोड़ उस वक्त आया, जब दुल्हन बनी रीना के मामा को शादी का पता लगा. उन्होंने रीना के साथ मारपीट की फिर अपने साथ ले गए. ऐसे में दूल्हा बनी सोनम अकेली रह गई और उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया.