दौसा/इंदौर।  राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक स्लीपर बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। मृतकों में छह लोगों की मौत आग से झुलसने के कारण हुई, जबकि दो अन्य ने गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया।

    आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसे के बाद बस में तेजी से आग फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में भारी कठिनाई हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस करीब एक घंटे तक जलती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर धुएं और आग के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    सिगरेट के पैकेट होने के दावे की जांच जारी

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

    घायलों और लापता यात्रियों की पहचान का प्रयास

पुलिस के मुताबिक, अब तक नौ घायलों की पहचान हो सकी है, जबकि अन्य यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

कुछ यात्रियों के अब भी लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि कई शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण की आवश्यकता पड़ सकती है।

    मुख्यमंत्री और नेताओं ने जताया शोक

भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वहीं, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इस हादसे को हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

    मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

मुरारी लाल मीणा ने बताया कि बस में 37 यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन को यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी करने के निर्देश दिए हैं।

    डीएनए जांच से होगी शवों की पहचान

दौसा जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी शवों के नमूने फोरेंसिक जांच हेतु भेजे जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि देर रात या बुधवार सुबह तक सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।

जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि सभी आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 13 घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

    हादसे की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित

भीषण हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को शामिल किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, समिति दुर्घटना के तकनीकी, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जांच करेगी। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुझाव भी देगी।

    घायल यात्रियों में मध्य प्रदेश के कई लोग शामिल

घायलों में मध्य प्रदेश के इंदौर, बड़वाह, सीहोर और डबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के यात्री शामिल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क स्थापित करने में जुटा हुआ है।

    लापता यात्रियों की तलाश जारी

प्रशासन ने कुछ यात्रियों के लापता होने की पुष्टि करते हुए उनकी तलाश तेज कर दी है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं तथा सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।


घायल यात्रियों की सूची
याचिका (7), पुत्री दीपक तंवर, ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)
नेहा (26), ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)
दिशा (19), पुत्री संजय, नंदा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
सुवानंद (25), पुत्र राजेश, सुदामा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
प्रदीप (26), पुत्र नरेंद्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)
महक (22), पुत्री महेश, इंदौर (मध्य प्रदेश)
योगानी (21), पुत्री सेलेन्द्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)
जितेंद्र पांडे (45), दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी
अभिनव पांडे (13), पुत्र जितेंद्र, दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी
विशुलाल (65), पुत्र बलवंत सिंह, भिलसेड़ी (मध्य प्रदेश)
शिखा (31), नीम का थाना, सीकर (राजस्थान)
चंद्रप्रकाश (66), पुत्र हीरालाल, डबरा (मध्य प्रदेश)
दिव्या (25), पुत्री दीपक, बड़वाह (मध्य प्रदेश) - हालत गंभीर

लापता यात्रियों की तलाश जारी
निर्मला, पत्नी चंद्रप्रकाश, इंदौर
प्रियंका (33), पत्नी जितेंद्र पांडे, बड़वाह (मध्य प्रदेश)
भूमि (20), पुत्री भारत भोर, बजरंग नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
दीपू (60), पुत्र नरवत सिंह, रामपुरा कला, सीहोर (मध्य प्रदेश)

मृतकों की पहचान में आ रही मुश्किल
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि सभी आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 13 घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई