सहारनपुर । देवबंद, नर सेवा नारायण सेवा के सूत्र को आत्मसात करते हुए मानव कल्याण मंच द्वारा देवबंद नगर में वर्षभर विभिन्न जनहित एवं समाजसेवी कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंच के मासिक सेवा अभियान के अंतर्गत गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पांच विद्यालयों के स्कूली बच्चों को नि:शुल्क कॉपियों का वितरण किया गया। मंच द्वारा कुछ निर्धन छात्र-छात्राओं की मासिक शिक्षण शुल्क भी संबंधित विद्यालयों में जमा कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉपियां प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी मानव कल्याण मंच के इस सराहनीय प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगराध्यक्ष अरुण गुप्ता ने मंच के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। आर्थिक अभाव किसी भी बच्चें की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। समाज के सक्षम लोगों एवं सामाजिक संस्थाओं को ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए।

इस अवसर पर आर्य समाज विद्यालय के प्रधानाचार्य जनेश्वर प्रसाद ने कहा कि शिक्षण प्राप्त कर रहे गरीब बच्चों की सहायता करने से बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं हो सकता। आज के बच्चें ही कल देश का उज्ज्वल भविष्य बनेंगे तथा शिक्षित होकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चें का मौलिक अधिकार है। हमारा प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना ही मानवता की सच्ची सेवा है। निस्वार्थ भाव से की गई सेवा आत्मिक संतोष प्रदान करती है और यही ईश्वर की सच्ची भक्ति है। पूर्व प्रधानाचार्य धर्मपाल महाजन ने कहा कि मानव कल्याण मंच निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग देकर उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गिरीश अग्रवाल का मानव कल्याण मंच द्वारा विशेष आभार व्यक्त किया गया। मंच पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं समाज के सहयोगी नागरिकों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष सुशील कर्णवाल, महासचिव राजू सैनी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कश्यप, राजीव शर्मा सहित मंच के अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।