सहारनपुर में पुलों पर चीनी मांझे से हो रहे हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने पुलों पर तार बांधने का काम शुरू किया
चीनी मांझे से बचाव के लिए शारदानगर पुल पर लोहे के तार बांधे गए
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, सहारनपुर जनपद में बसंत पंचमी पर चीनी मांझे से गर्दन कटकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। जिसके बाद अब नगर निगम ऐसे हादसो को रोकने के प्रति सचेत हो गया है। चीनी मांझे से बचाव के लिए शारदानगर पुल पर अब लोहे के तार बांधने का काम शुरू कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहारनपुर में पुलों पर चीनी मांझे से हो रहे हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने पुलों पर तार बांधने का काम शुरू कर दिया है। शारदानगर पुल से इसकी शुरूआत की गई है। नगर निगम द्वारा दावा किया जा रहा है कि इसके बाद कम से कम पुल पर इस तरह का हादसा नहीं हो सकेगा। बसंत पंचमी के दिन शारदानगर पुल पर चीनी मांझे की चपेट में आने से 36 वर्षीय युवक की गर्दन कट गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पूर्व में भी शारदानगर पुल और जिला अस्पताल पुल पर इस तरह के हादसे लोगों की जान ले चुके हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त संजय चौहान ने महानगर के सभी पुलों पर रेलिंग लगाकर तार बांधने के निर्देश दिए, जिसके बाद आज नगर निगम ने काम शुरू कर दिया। नगर निगम के कर्मचारियों ने इसकी शुरूआत शारदानगर पुल से ही की है। पुल के ऊपर तार बांधे जा रहे हैं। जिससे की चीनी मांझा तारों पर ही रह जाए और राहगीरों तक ना पहुंचे। नगर निगम ने महानगर में पांच पुलों का चयन किया है, जिन पर तार बांधे जाएंगे। इनमें अंबाला रोड पुल, शारदानगर पुल, जिला अस्पताल पुल, कोर्ट रोड पुल, ढमोला पुल शामिल हैं। तार सड़क से 15 मीटर की ऊंचाई पर बांधे जा रहे हैं।नगरायुक्त संजय चौहान ने बताया कि वह मुरादाबाद में यह कार्य करके आए हैं। वहां अब पुलों पर चीनी मांझे से कटने के हादसे नहीं होते हैं।