देवबंद में कोलकाता में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना के विरोध में आईएमए से जुड़े चिकित्सकों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की
आईएमए के आह्वान पर देवबंद में चिकित्सक 17 अगस्त को रहेंगे हड़ताल पर
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर | देवबंद, कोलकाता में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना के विरोध में आज आईएमए से जुड़े चिकित्सकों ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग रखी। आईएमए देवबंद के अध्यक्ष डा. अनुज गोयल के नेतृत्व में चिकित्सक एसडीएम कार्यालय पहुंचे जहां एसडीएम देवबंद अंकुर वर्मा को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कहा गया कि कोलकाता में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना ने राष्ट्र की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। चिकित्सकों ने घटना की त्वरित और गहन जांच कर मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाने की मांग भी रखी गई है। घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर चिकित्सक 17 अगस्त को 24 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं खुली रहेंगी। डा. अनुज गोयल ने बताया कि संगठन के आह्वान पर 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से 24 घंटे के लिए चिकित्सीय सेवाएं बंद रहेंगी। केवल आपातकालीन सेवाएं ही प्रदान की जाएंगी। इस दौरान संगठन महासचिव रविप्रकाश खोराना, डा. अरविंद गोयल, डा. लीना गोयल समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।