देश की सबसे पॉपुलर IAS अधिकारियों में शामिल टीना डाबी (Tina Dabi) एक बार फिर चर्चा में हैं. टीना डाबी की नियुक्ति हाल ही में राजस्थान के बाड़मेर में डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर के रूप में की गई है. अपनी नियुक्ति के बाद से ही IAS टॉपर टीना डाबी एक्शन मोड में नजर आ रही हैं. कभी वह स्वच्छता अभियान के तहत सड़कों पर झाड़ू लगाती नजर आती हैं, तो कभी अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों को फटकार लगाती हुई दिखती हैं. टीना डाबी के ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरते हैं. बुधवार की सुबह टीना डाबी ने अपनी टीम के साथ एक स्पा सेंटर पर छापा मारा.

पुलिसकर्मियों ने तोड़ा दरवाजा
सदर थाना क्षेत्र के पास सफाई अभियान चल रहा था, तभी अचानक टीना डाबी औचक निरीक्षण के लिए वहां पहुंच गईं. निरीक्षण के दौरान उनकी नजर एक स्पा सेंटर पर पड़ी, जिसके दरवाजे अंदर से बंद थे. उन्होंने अधिकारियों से दरवाजा खुलवाने के लिए कहा. कई बार खटखटाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला. संदेह होने पर कुछ पुलिसकर्मी छत के रास्ते स्पा सेंटर में घुसे, जबकि अन्य दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे.

पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि स्पा सेंटर के अंदर कई कमरे थे, जिनमें पांच लड़कियां और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले. सदर थाना पुलिस ने वेश्यावृत्ति के संदेह में सभी को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है. छापे की यह कार्रवाई कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में कई महिलाएं अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती नजर आईं.

कई बार शिकायत कर चुके हैं स्थानीय लोग
बता दें कि बाड़मेर शहर में मौजूद कई स्पा सेंटर की शिकायत स्थानीय लोग प्रशासन से कई बार कर चुके हैं. उनका आरोप है कि स्पा सेंटर के नाम पर इनमें अनैतिक काम किये जाते हैं. मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, इन सेंटरों को चलाने वाले लोग श्रम विभाग से लाइसेंस जारी करवाते हैं. इसके बाद वे पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल से लड़कियों को लाकर स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाते हैं.

टीना डाबी ने शुरू की ‘नवो बाड़मेर’ पहल
पुलिस ने कई बार इन अवैध स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन लगातार कार्रवाई न होने के कारण ये लोग जमानत पर छूटने के बाद फिर से इस धंधे में लग जाते हैं. मालूम हो कि IAS टॉपर टीना डाबी ने ‘नवो बाड़मेर’ पहल शुरू की है, जिसका मतलब है नया बाड़मेर. इस पहल के तहत, नए जमाने की तकनीक का इस्तेमाल कर शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है.