Hemant Soren ने चौथी बार ली झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ
JMM प्रमुख के नाम दर्ज हुए कई रिकॉर्ड
विधानसभा चुनाव में JMM की शानदार जीत के बाद हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने रांची के मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के पूर्व सीएम और हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री पद का शपथ लेते ही हेमंत सोरेन के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं. हेमंत सोरेन (Hemant Soren News) राज्य के 24 वर्षों के इतिहास में 4 बार CM पद की शपथ लेने वाले पहले राजनेता बन गए हैं. इसके पहले उनके पिता शिबू सोरेन (Shibu Soren) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) तीन-तीन बार सीएम की कुर्सी पर बैठ चुके हैं.
शपथ समारोह में कौन-कौन पहुंचा?
हेमंत सोरेन के शपथ समारोह में राहुल गांधी (Rahul Gandhi), कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, AAP सांसद राघव चड्ढा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद पप्पू यादव भी मौजूद रहे.
2013 में पहली बार बने थे सीएम
हेमंत सोरेन ने पहली बार 13 जुलाई 2013 को JMM, कांग्रेस, राजद गठबंधन के सहयोग से बनी सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. इस सरकार का कार्यकाल 23 दिसम्बर 2014 तक था. दूसरी बार उन्होंने 29 दिसंबर 2019 को शपथ ली थी. 31 जनवरी 2024 को ED द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था. जमानत पर बाहर आने के बाद 4 जुलाई 2024 को उन्होंने तीसरी बार सीएम पद की शपथ ली थी. हेमंत सोरेन का नाम झारखंड के ऐसे पहले सीएम के तौर पर दर्ज हो रहा है, जिन्होंने लगातार दूसरी बार सरकार में वापसी की है.
पहले नहीं रिपीट हुई कोई सरकार
इसके पहले यहां कोई भी सरकार रिपीट नहीं हुई है. हेमंत सोरेन झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में 2 तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने वाले पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं. उनके नेतृत्व वाले गठबंधन को 56 सीटों पर जीत हासिल हुई है. झारखंड में सीएम की कुर्सी पर सबसे अधिक 2210 दिनों तक बैठने का रिकॉर्ड अर्जुन मुंडा के नाम है. उनके बाद हेमंत सोरेन ने सीएम के तौर पर अब तक 2169 दिन का कार्यकाल व्यतीत किया है.
40 दिन बाद दर्ज होगा एक और रिकॉर्ड
चौथी पारी में सीएम के तौर पर 40 दिन गुजरते ही वह इस कुर्सी पर सबसे अधिक समय तक बैठने वाले नेता बन जाएंगे. हेमंत सोरेन के नाम एक रिकॉर्ड इस मायने में भी बन रहा है कि वह राज्य के पहले सीएम हैं, जिनकी पत्नी कल्पना सोरेन बतौर विधायक विधानसभा में विश्वासमत के दौरान सरकार के पक्ष में मतदान करेंगी.