ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर चल रहे किसानों के धरने में बीती देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुधीर खलीफा समेत कई अन्य किसानों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया. इसको लेकर किसान नेताओं के परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया है.

किसानों की गिरफ्तारी को लेकर उनके परिवारों ने बताया कि बीती देर रात उनके घरों के दरवाजे तोड़े गए और गिरफ्तार की गई. किसान नेता रूपेश ने भी अपना देर रात एक वीडियो जारी कर किसानों से गुरुवार दोपहर 12 बजे तक फिर जीरो पॉइंट पहुंचने का आह्वान किया है.

आंदोलन को दबाना चाहती है सरकार
इस गिरफ्तारी को लेकर रूपेश ने कहा कि कुछ किसानों को दोबारा देर रात हिरासत में लिया गया है. उनका कहा है कि इस समय आंदोलन अपने चरम पर है और सरकार इसे दबाना चाहती है. इसलिए सभी किसानों को इस आंदोलन को सफल बनाना होगा. उन्होंने किसानों से आज फिर 12 बजे जीरो पॉइंट पर इकट्ठा होने का आह्वान किया है.

सीएम योगी की पोस्ट के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
देर रात सीएम योगी आदित्यनाथ की पोस्ट के बाद पुलिस ने किसानों को एक बार फिर हिरासत में लिया है. ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर बुधवार को किसानों की महापंचायत थी. मंगलवार शाम को गिरफ्तार हुए सभी किसानों को छोड़ दिया गया था. इसके बाद आगे की रणनीति के लिए आज गुरुवार को पंचायत होनी थी. लेकिन इससे पहले ही जीरो पॉइंट पर रात करीब 12 बजे के आसपास किसानों को हिरासत में लेकर लुक्सर जेल भेजा गया. जीरो पॉइंट पर धरना खत्म करा दिया गया.

पुलिस ने ये कार्रवाई तब की जब किसानों की संख्या 50 से कम थी. हालांकि, पुलिस इस गिरफ्तारी को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है. किसानों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान भी नहीं आया है.

दरअसल ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर बुधवार सुबह से शुरू हुई किसानों की महापंचायत उनके हक में रही थी. जेल में बंद उनके सभी किसान नेता समेत 123 किसानों को पुलिस ने छोड़ दिया था. हालांकि, इस महापंचायत में राकेश टिकैत नहीं पहुंच पाए, क्योंकि पुलिस ने उन्हें टप्पल पर रोक लिया था.