CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 13 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मेला गुघाल की तैयारियों तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु समीक्षा बैठक आहूत की गयी। बैठक में डीएम मनीष बंसल ने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल, मजबूत बैरिकेटिंग, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्कृति एवं राष्ट्रीयता को बढाने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि सभी विभाग सौंपी गयी जिम्मेदारियों का भली प्रकार से निर्वहन करना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य व्यवस्था हेतु एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। मौसम के अनुसार नाले एवं नालियों की साफ-सफाई के साथ ही फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाएं।
उन्होंने कहा कि पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाएं। सुविधाओं एवं समस्याओं के निस्तारण के लिए कन्ट्रोल रूम की स्थापना की जाए। मेले में सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। खाद्य पदार्थों की जांच की जाए एवं प्रसाद के विक्रेताओं को सवास्थ्य के दृष्टिगत प्रसाद को ढककर रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था बेहतर रखी जाए। बिजली के तार लटके न हों। पीडब्ल्यूडी द्वारा झूलों का तकनीकी परीक्षण करना सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी स्ट्रक्चर बिना अनुमति के न लगाया जाए। अग्निशमन विभाग को सुरक्षा के तहत प्रयाप्त मात्रा में आकस्मिक स्थिति में अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी, एसपी सिटी  अभिमन्यु मांगलिक, नगर मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त राजेश यादव सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।