जिलाधिकारी ने की विद्युत अधिकारियों के साथ बैठक, बड़े विद्युत बिल बकायेदारों से वसूली में लाएं तेजी
एसडीओ स्तर पर सबसे अधिक लाईन लॉस वाले फीडर चिन्हित कर करें कार्रवाई, बिजलीघर पर बनाएं शिकायत रजिस्टर
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, विद्युत आपूर्ति में बाधा को समाप्त कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने एवं विद्युत बिलों की वसूली कर राजस्व बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि विद्युत अधिकारी एक्सईएन एवं एसडीओ स्तर पर 1 लाख रुपए से अधिक बकायेदार, 50 हजार से अधिक बकायेदार एवं 10 हजार से अधिक बकायेदार की सूची तैयार करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत बिलों के भुगतान हेतु बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने लाइन लॉस को न्यूनतम करने के निर्देश दिए। जनपद में प्रत्येक एसडीओ के क्षेत्र में सबसे अधिक लाइनलॉस वाले फीडर को चिन्हित कर उसी पर फोकस कर सुधार लाया जाए। विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए बिजलीघर स्तर पर शिकायत रजिस्टर बनाया जाए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि कर्मचारी पूरी मुस्तैदी एवं तत्परता के साथ कार्य करें ताकि जन सामान्य को विद्युत उपलब्धता को लेकर परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने एसडीओ घुन्ना की खराब कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए एमडी पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
डीएम मनीष बंसल ने कहा कि जन सामान्य को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराना विभाग की महती जिम्मेदारी है। ओवरलोडिंग या फिर अन्य की वजह से विद्युत ट्रांसफार्मर जलने की दशा में जल्द से जल्द नवीन ट्रांसफार्मर का प्रतिस्थापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्युत विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर जलने या खराब होने की सूचना तत्काल संबंधित को उपलब्ध कराएंगे ताकि प्रतिस्थापन के समय को कम किया जा सके। बैठक में मुख्य अभियन्ता राजेश कुमार सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।