पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए हैं. टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा को पेरिस में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. नीरज चोपड़ा के दोस्त पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने 92.97 मीटर थ्रो किया, जो ओलंपिक इतिहास में सबसे अधिक है. नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के साथ गोल्ड जीता था.

नीरज चोपड़ा ने 89.45 मीटर थ्रो के साथ पेरिस ओलंपिक 2024 में जेवलिन थ्रो का सिल्वर मेडल अपने नाम किया. यह पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला सिल्वर और कुल मिलाकर पांचवां मेडल है. ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 थ्रो के साथ तीसरे नंबर पर रहे. उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला.

सिल्वर मेडल जीतने के साथ ही नीरज चोपड़ा भारत के सिर्फ दूसरे ऐसे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो ओलंपिक में मेडल जीता है. उनसे पहले सिर्फ सुशील कुमार ही लगातार दो ओलंपिक (2008 और 2012) में मेडल जीत सके थे.

नीरज चोपड़ा का पांचवा और छठा थ्रो भी फाउल रहा. इसके चलते वे अरशद नदीम के थ्रो के आसपास नहीं पहुंच पाए. दूसरी ओर अरशद नदीम ने अपने छठे थ्रो में 90 मीटर का आंकड़ा पार किया. उन्होंने अपने छठे और आखिरी प्रयास में 91.79 मीटर थ्रो किया और बताया कि उनका गोल्ड मेडल जीतना कोई तुक्का नहीं है. वे सही मायने में चैंपियन हैं.


चौथे राउंड के बाद टॉप-2 में बदलाव नहीं 
नीरज चोपड़ा  दबाव में दिख रहे हैं. उनका चौथा थ्रो भी अच्छा नहीं रहा. थ्रो करते हुए वे एक बार फिर गए. इसके बाद जानबूझकर लाइन छू दी ताकि यह दर्ज ना हो. नीरज के ठीक बाद अरशद नदीम थ्रो करने आए. उनका थ्रो 79.40 रहा. चौथे राउंड की समाप्ति के बाद अरशद नदीम पहले और नीरज चोपड़ा दूसरे नंबर पर बने हुए हैं. ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स तीसरे नंबर पर हैं.

तीन राउंड के बाद 4 जेवलिन थ्रोअर बाहर
तीन राउंड के बाद फिनलैंड के ओलिवर हेलेंडर, टोनी कर्नेन, ब्राजील के मॉरिसिया लुईज डिसिल्वा और एड्रिएन मेरडेयर बाहर हो गए हैं. बाकी आठ एथलीट के बीच फाइनल के बाकी राउंड खेले जाएंगे.

नीरज चोपड़ा का तीसरा थ्रो भी फाउल
नीरज चोपड़ा तीसरे थ्रो में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. उनका थ्रो 80 मीटर से कम रहा और नीरज इसे दर्ज नहीं कराना चाहते थे. इसलिए उन्होंने इसे जानबूझकर फाउल कर दिया.

अरशद ने तीसरा थ्रो भी 88 मीटर पार
पाकिस्तान के अरशद नदीम ने अपने तीसरे थ्रो में 88.72 मीटर का आंकड़ा छुआ. वे इस थ्रो से खुश नजर नहीं आए.

जैकब तीसरे स्थान पर
चेक रिपब्लिक के जैकब वदलेज ने तीसरे थ्रो में खुद को मेडल रेस में ले आए हैं. उन्होंने तीसरा थ्रो 88.50 मीटर किया. वे तीसरे राउंड में तीसरे नंबर पर चल रहे हैं. पीटर एंडरसन 87.87 के साथ चौथे नंबर पर चल रहे हैं.

नीरज चोपड़ा दूसरे नंबर पर
नीरज चोपड़ा ने दूसरे राउंड में 89.45 मीटर थ्रो किया है. यह उनका सीजन का बेस्ट थ्रो है. इसके साथ ही वे दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्हें अगर गोल्ड मेडल जीतना है तो अरशद के ओलंपिक रिकॉर्ड को तोड़ना होाग.

अरशद ने बनाया ओलंपिक रिकॉर्ड
पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर थ्रो कर गोल्ड मेडल लगभग पक्का कर लिया है. यह ओलंपिक रिकॉर्ड है.

त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशाम वॉल्काट ने पहले राउंड में 86.16 मीटर थ्रो किया. वे पहले राउंड के बाद पहले नंबर पर चल रहे हैं.

नीरज और अरशद दोनों के फाउल थ्रो
नीरज चोपड़ा का पहला थ्रो खराब रहा. वे थ्रो करते ही गिर गए और उनका पैर लाइन को छू गया. फाउल थ्रो. नीरज इस थ्रो से निराश नजर आए. नीरज का यह थ्रो काउंट नहीं किया जाएगा. पाकिस्तान के अरशद नदीम का पहला थ्रो खराब रहा. उन्होंने इसी वजह से जानबूझकर लाइन पार कर दी ताकि उनका स्कोर दर्ज ना हो. चेक रिपब्लिक के जैकब वदलेज ने पहला थ्रो किया. यह नर्वस थ्रो था और वे सिर्फ 80.15 मीटर थ्रो कर पाए.

जेवलिन थ्रो फाइनल में नीरज चोपड़ा समेत 12 एथलीट हैं. सभी एथलीट 6-6 थ्रो करेंगे. सबसे अधिक थ्रो करने वाले एथलीट को गोल्ड मेडल मिलेगा. टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने 89.34 मीटर जेवलिन थ्रो कर फाइनल में जगह बनाई थी. वे क्वालिफाइंग में सबसे लंबा थ्रो करने वाले खिलाड़ी थे.