CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, पडोसी राज्य हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के नायक वहां के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलडोजर सपा-बसपा समर्थक भ्रष्टाचारियों पर प्रहार के लिए है। नायब सैनी आज योगी सरकार में राज्यमंत्री और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पिछडा वर्ग के सम्मानित नेता जसवंत सैनी के निमंत्रण पर यहां आए थे। उन्होंने रामपुर मनिहारान में सैनी शिक्षा प्रसार समिति के तत्वावधान में उनके सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोक कल्याणकारी नीतियों का गुणगान किया। उन्होंने सहारनपुर के भाजपाइयों का हरियाणा चुनाव में मदद करने के लिए आभार जताया और कहा कि वह 2027 में यूपी विधान सभा चुनाव में अपना पूरा योगदान देने के लिए पूरी ताकत से यहां आएंगे।
नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम आयोजक जसवंत सैनी को अपना प्रिय भाई बताते हुए कहा कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख भाजपा नेता है। वह और उनके सहयोगी हरियाणा में किसी भी जनहितैषी कार्य के लिए आदेश करेंगे तो वह उसे मन से कराने का काम करेंगे। उन्होंने पिछडा वर्ग के युवाओं को शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जसवंत सैनी को उन्हें यहां आमंत्रित करने केे लिए भी आभार जताया।
समारोह को उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने भी संबोधित किया। समारोह में अखिलेश यादव सरकार में काबिना मंत्री रहे और लोकसभा चुनाव के मौके पर सपा छोडकर भाजपा में शामिल होने वाले साहब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सुरक्षा के कडे बंदोबस्त किए गए थे। आज कई दिन बाद पूरे दिन सूर्य देवता मेहरबान रहे। जिस कारण बडी संख्या में सहारनपुर जनपद और आसपास के सैनी, कश्यप, धीवर एवं अन्य पिछडी जातियों के लोग बडी संख्या में जसवंत सैनी के आहवान पर इस सम्मान सभा में पहुंचे। ध्यान रहे हाल ही संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में भाजपा और गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में विशाल जन सभाओं को संबोधित किया था। उनके उस दौरे का बिजनौर सीट पर भाजपा समर्थित रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान को लाभ मिला था। उनके खिलाफ अखिलेश यादव ने सपा से दीपक सैनी को खडा किया हुआ था पर नायब सिंह सैनी की भावुक अपील से सैनी बिरादरी का बडा तबका चंदन चौहान के पक्ष में हो गया था और चंदन चैहान कडे मुकाबले के बावजूद विजयी हुए थे। हालांकि सहारनपुर, कैराना और मुजफ्फरनगर सीटों पर खडे भाजपा उम्मीदवार क्रमशः राघव लखनपाल शर्मा, प्रदीप चौधरी और केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान चुनाव नहीं जीत पाए थे। जबकि कैराना और मुजफ्फरनगर दोनो सीटे भाजपा 2014 और 2019 में जीती थी।