तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होने पर बाइक सवार सड़क पर गिरा
सिर में चोट लगने से हुई मौत
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, तेज रफ्तार बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगाए तो उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गया। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सदर बाजार क्षेत्र में पेपर मिल रोड पर तेज रफ्तार बाइक के ब्रेक लगाने से नीचे गिरकर व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर का रहने वाला था, वह यहां एक कंपनी में काम करता था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह हादसा बीती देर रात पेपर मिल रोड पर हुआ है। एक व्यक्ति बाइक पर विश्वकर्मा चौक की तरफ से आ रहा था। पेपर मिल रोड पर राज विहार कॉलोनी के गेट नंबर-एक पर उसने अपनी तेज रफ्तार बाइक के अगले पहिए के ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और वह नीचे गिर गया। सिर में गहरी चोट लगने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पता लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जेब से आधार कार्ड, कुछ कागजात और मोबाइल मिला। जिसके आधार पर उसकी पहचान गुलवेज मलिक पुत्र अबरार उल हक निवासी बंडिया वार्ड नंबर-4 थाना किच्छा जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड के रूप में हुई। मृतक पेपर मिल रोड स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी पुलिस ने सूचना दे दी। जिसके बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। जब व्यक्ति बाइक से गिरा तो उसका सिर सड़क में लगा। जिसके चलते उसके नाक और कान से खून आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अगर व्यक्ति ने हेलमेट लगाया होता है तो शायद उसकी जान बच जाती।